करनाल, 25 अक्टूबर (प्रवीण वालिया):- पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा चोरी की वारदातों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना तरावड़ी के प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुमार के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक हरविश कुमार की टीम ने एक साइट से सरिया, गैस सिलेंडर और अन्य सामान चोरी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि 23 अक्टूबर 2026 को शिकायतकर्ता देवेंद्र गौतम ने थाना तरावड़ी में शिकायत देकर बताया कि मॉडर्न डेयरी, श्यामगढ़ के पास स्थित उनकी आनंदम ग्रीन साइट से लगभग 10 क्विंटल सरिया, गैस सिलेंडर और अन्य सामान चोरी हो गया। शिकायत के आधार पर थाना तरावड़ी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान अशोक पुत्र रोणकी राम, निवासी फालसंडा, जिला कुरुक्षेत्र; बलदेव पुत्र गुलाब सिंह, निवासी बस्सत, जिला करनाल; तथा गौरव पुत्र बीर सिंह, निवासी फालसंडा जाटान, जिला कुरुक्षेत्र के रूप में हुई है।

पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया।