करनाल (प्रवीण वालिया):- करनाल के पुलिस अधीक्षक श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश में जिला पुलिस गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सीआईए-1 स्टाफ के इंचार्ज निरीक्षक संदीप सिंह के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक मदन सिंह की टीम ने आर्यन हत्याकांड में कार्रवाई करते हुए आरोपी हिमेश तनेजा उर्फ काकून निवासी शांति नगर, करनाल को गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि 12 अक्टूबर 2026 को थाना सिविल लाइन, करनाल में हत्या सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस टीम पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी हिमेश तनेजा उर्फ काकून भी आर्यन की हत्या में शामिल था। इसके आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
सीआईए-1 स्टाफ करनाल की टीम ने देर शाम कार्रवाई करते हुए आरोपी हिमेश तनेजा उर्फ काकून पुत्र चेतन तनेजा, निवासी किरायेदार, गली नंबर 03, शांति नगर, थाना रामनगर, करनाल को रामनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ पहले भी लड़ाई-झगड़े का एक मामला दर्ज पाया गया है।
गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार माननीय अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की गहन जांच करने और वारदात से संबंधित अन्य तथ्यों का पता लगाने के लिए पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा।
