करनाल (प्रवीण वालिया, 11 नवंबर):- पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में जिला पुलिस आपराधिक वारदातों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना शहर करनाल में दर्ज युवक की चाकू मारकर हत्या के मामले में सीआईए-3 की टीम ने सहायक उप निरीक्षक कुलदीप सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शिवा पुत्र नफे सिंह निवासी न्यू वाल्मीकि कॉलोनी, हांसी रोड, करनाल को पश्चिमी यमुना नहर बाईपास से गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि 24 अक्टूबर 2026 को राजकुमार पुत्र प्रेमचंद सैनी निवासी लाडवा, जिला कुरुक्षेत्र ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 23 अक्टूबर 2026 की शाम को उनके बेटे अमन को उसका एक दोस्त घर से बुलाकर अपने साथ करनाल ले आया था। इस दौरान कुछ युवकों ने अमन पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी।

शिकायत के आधार पर 24 अक्टूबर 2026 को थाना शहर करनाल में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल तीन आरोपियों, जिनमें कृष और जतिन सहित एक नाबालिग शामिल है, को अभिरक्षा में लिया था।

गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ के दौरान मामले में आरोपी शिवा की संलिप्तता भी सामने आई। इसके बाद सीआईए-3 की टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शिवा को गिरफ्तार कर लिया।

आज आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों एवं उनके साथियों की संलिप्तता के संबंध में गहन पूछताछ कर मामले की आगामी जांच की जा सके।

करनाल पुलिस की आमजन से अपील:

करनाल पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें और आपसी झगड़ों का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से करें। छोटी-सी कहासुनी या विवाद को हिंसक रूप देने से बचें। किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

पुलिस युवाओं एवं उनके अभिभावकों से भी अपील करती है कि युवाओं को हिंसा और आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। किसी भी विवाद की स्थिति में कानून का पालन करें और पुलिस का सहयोग लें। आमजन के सहयोग से ही जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सकती है।