करनाल, 22 नवंबर (प्रवीण वालिया):- महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और निजता सुनिश्चित करने के लिए जिला पुलिस करनाल द्वारा पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में एसपी करनाल ने आमजन, विशेषकर युवाओं को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि महिलाओं की निजता, सम्मान और गरिमा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसी महिला की फोटो, वीडियो, निजी चैट, मोबाइल नंबर, पता अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी उसकी अनुमति के बिना सोशल मीडिया, व्हाट्सएप ग्रुप या किसी अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर साझा करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आ सकता है।

एसपी करनाल ने कहा कि सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल के साथ कुछ असामाजिक तत्व महिलाओं की तस्वीरों और वीडियो का गलत इस्तेमाल कर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का प्रयास करते हैं। कुछ लोग महिलाओं की फोटो या वीडियो एडिट करके उन पर आपत्तिजनक कैप्शन लगाते हैं, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर परेशान करते हैं अथवा निजी तस्वीरों और वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल करने का प्रयास करते हैं। ऐसे लोगों को समझ लेना चाहिए कि इंटरनेट पर की गई प्रत्येक गतिविधि का डिजिटल रिकॉर्ड मौजूद रह सकता है और साइबर अपराध में संलिप्त व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि किसी भी महिला की फोटो या वीडियो को उसकी अनुमति के बिना डाउनलोड करना, एडिट करना, फॉरवर्ड करना या वायरल करना उचित नहीं है। इसके अलावा किसी महिला की निजी जानकारी सार्वजनिक करने की धमकी देना, फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर परेशान करना, आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करना अथवा सोशल मीडिया के माध्यम से ब्लैकमेल करना भी गंभीर मामला है।

ऐसे मामलों में प्राप्त शिकायत और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर संबंधित व्यक्ति की पहचान कर उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसपी करनाल ने आमजन, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय अपनी जिम्मेदारी समझें और किसी भी व्यक्ति की निजता एवं सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधियों से दूर रहें। किसी महिला की फोटो या वीडियो प्राप्त होने पर उसे आगे साझा करने के बजाय उसकी निजता का सम्मान करें। बिना सत्यापन किसी भी आपत्तिजनक सामग्री को वायरल न करें और न ही किसी की निजी जिंदगी से जुड़ी सामग्री को मनोरंजन का साधन बनाएं।

उन्होंने कहा कि यदि किसी महिला के साथ सोशल मीडिया या अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर साइबर उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग अथवा फोटो-वीडियो वायरल करने जैसी घटना होती है तो वह बिना किसी डर या संकोच के पुलिस से संपर्क करे। पीड़ित महिला संबंधित फोटो, वीडियो, स्क्रीनशॉट, सोशल मीडिया लिंक, मोबाइल नंबर और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखे तथा उन्हें डिलीट न करे, ताकि पुलिस द्वारा जांच में उनका उपयोग किया जा सके।

साइबर अपराध होने पर तुरंत करें शिकायत

करनाल पुलिस ने साइबर अपराध से संबंधित शिकायत दर्ज करवाने के लिए आमजन को निम्नलिखित माध्यमों की जानकारी दी है:

साइबर हेल्पलाइन नंबर: 1930

ऑनलाइन शिकायत पोर्टल: www.cybercrime.gov.in

एसपी करनाल श्री करन गोयल ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और उनकी निजता की सुरक्षा समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। किसी की तस्वीर या वीडियो को बिना अनुमति साझा करना कोई मजाक नहीं है। एक क्लिक किसी की जिंदगी पर गहरा प्रभाव डाल सकता है और ऐसा करने वाला व्यक्ति स्वयं को भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में ला सकता है।

करनाल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि महिलाओं की गरिमा एवं निजता का सम्मान करें। सोशल मीडिया का सकारात्मक और जिम्मेदारीपूर्ण इस्तेमाल करें तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहें।

महिलाओं का सम्मान करें, उनकी निजता सुरक्षित रखें।