करनाल, 21 नवंबर (प्रवीण वालिया):- जिला पुलिस करनाल द्वारा पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में साइबर थाना करनाल की टीम ने एसबीआई क्रेडिट कार्ड बनवाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 1 लाख 4 हजार रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में अनुसंधान अधिकारी उप निरीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि मामले के अनुसार, करनाल के चमन गार्डन एक्सटेंशन निवासी राजकुमार ने साइबर थाना करनाल में शिकायत देकर बताया था कि 25 जून 2026 को उसके फेसबुक अकाउंट पर एसबीआई क्रेडिट कार्ड से संबंधित एक विज्ञापन दिखाई दिया था। विज्ञापन को लाइक करने के अगले दिन उसके पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने उसे एसबीआई क्रेडिट कार्ड बनवाने का झांसा दिया। इसके बाद आरोपियों ने व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से उसे अपनी बातों में उलझाकर मोबाइल की स्क्रीन शेयर करवा ली और एक लिंक भेजकर क्रेडिट कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूरी करने का बहाना बनाया।

इस दौरान आरोपियों ने शिकायतकर्ता के क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल कर उसके कार्ड से पांच बार 20,247.80 रुपये की ट्रांजेक्शन कर कुल 1,01,239 रुपये की धोखाधड़ी कर ली। शिकायत के आधार पर साइबर थाना करनाल में 27 जून 2026 को संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच के दौरान साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश के नेतृत्व में उप निरीक्षक मुकेश कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनील पुत्र श्याम लाल निवासी जगजीवनराम कॉलोनी, खटीक बस्ती, पानीपत को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से एक लाख रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और पैन कार्ड भी बरामद किया है।

पुलिस टीम द्वारा आज आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।