करनाल, 14 नवंबर (प्रवीण वालिया):- जिला पुलिस करनाल द्वारा पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में अवैध शराब की बिक्री एवं तस्करी करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना मधुबन की टीम ने अवैध रूप से देसी शराब रखने तथा उसकी बिक्री करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से 14 बोतल देसी शराब बरामद की हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य सिपाही कृष्ण लाल ने बताया कि 13 नवंबर 2026 को वह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि गांव ऊंचा समाना-कुटेल रोड के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से देसी शराब बेच रहा है। सूचना के अनुसार, तुरंत छापेमारी करने पर उसे काबू किया जा सकता था।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत बताए गए स्थान पर छापेमारी की और मौके से आरोपी अजेय पुत्र जिले सिंह निवासी गांव ऊंचा समाना, करनाल को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से कुल 14 बोतल देसी शराब बरामद हुईं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 13 नवंबर 2026 को थाना मधुबन में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी के खिलाफ पहले भी आबकारी अधिनियम के तहत पांच मामले दर्ज हैं।

पुलिस टीम द्वारा आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है तथा मामले में आगे की जांच और पूछताछ जारी है।

करनाल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध शराब की बिक्री एवं तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।