करनाल, 20 नवंबर (प्रवीण वालिया):- जिला पुलिस करनाल द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री करन गोयल, आईपीएस के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में अवैध हथियार रखने वाले व्यक्तियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए असंध इंचार्ज निरीक्षक सलिंदर के नेतृत्व में टीम ने अवैध चाकू रखने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जजसिंह पुत्र मेजर सिंह निवासी बजरंग जिम के पास, असंध, करनाल के रूप में हुई है।
इस संबंध में अनुसंधान अधिकारी मुख्य सिपाही रमेश सतीश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि वह अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई। प्राप्त सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए जजसिंह को काबू कर लिया।
पुलिस टीम द्वारा नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक कमानीनुमा चाकू बरामद हुआ। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ थाना असंध, करनाल में 19 नवंबर 2026 को आर्म्स एक्ट की धारा 25/54/59 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से उसका पुलिस रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
करनाल पुलिस आमजन से अपील करती है कि कोई भी व्यक्ति अपने पास अवैध हथियार न रखे। अवैध हथियार रखने और उनका इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
