करनाल, 14 नवंबर (प्रवीण वालिया):- जिला पुलिस करनाल द्वारा पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने, नशा तस्करी में संलिप्त आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने तथा युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत करनाल पुलिस ने वर्ष 2026 में 1 जनवरी से 13 नवंबर तक एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 196 मुकदमे दर्ज कर 358 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इन कार्रवाइयों के दौरान विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों एवं नशीली दवाइयों की भारी मात्रा बरामद की गई है।
करनाल पुलिस द्वारा 1 जनवरी 2026 से 13 नवंबर 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 196 मुकदमे दर्ज किए गए और 358 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 508.059 किलोग्राम चूरा पोस्त, 603.46031 किलोग्राम गांजा पत्ती, 2.01507 किलोग्राम सुल्फा, 2.087245 किलोग्राम हेरोइन, 51.385 किलोग्राम अफीम के पौधे, 8,830 नशीली टैबलेट, 1,596 नशीले कैप्सूल और एक एमटीपी किट बरामद की गई।
नशा तस्करों के खिलाफ लगातार जारी है कार्रवाई
करनाल पुलिस द्वारा नशा तस्करी के मामलों में संलिप्त आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की विभिन्न टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर निगरानी रख रही हैं। नशे के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है।
आमजन से सहयोग की अपील
पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें। यदि किसी व्यक्ति को अपने आसपास नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त या नशा तस्करी से संबंधित कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
करनाल पुलिस का उद्देश्य जिले को नशामुक्त बनाना, युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करना तथा नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना है। नशे के खिलाफ करनाल पुलिस का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
