करनाल, 25 अक्टूबर (प्रवीण वालिया):- पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा आपराधिक वारदातों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना शहर करनाल के प्रभारी निरीक्षक रामलाल के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार की टीम ने पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में एक युवक पर चाकू, डंडों तथा लात-घूंसों से हमला करने के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक चाकू भी बरामद किया है।

इस संबंध में अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता सुशांक शर्मा की पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में मोबाइल लैमिनेशन की दुकान है। शिकायत के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 की रात शिकायतकर्ता अपनी दुकान पर अपने दोस्त के साथ मौजूद था। इसी दौरान आरोपी और उनके अन्य साथी वहां पहुंचे तथा शिकायतकर्ता और उसके दोस्त का रास्ता रोककर उन पर चाकू, डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के संबंध में शिकायत के आधार पर थाना शहर करनाल में 24 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25-54-59 के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना शहर करनाल की पुलिस टीम ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसकरन सिंह उर्फ करन पुत्र हरजिंद्र सिंह, निवासी काछवा, थाना सदर करनाल; सागर पुत्र मुनीष कुमार, निवासी रामनगर, करनाल; मलकीत सिंह उर्फ कीतु पुत्र स्वर्ण सिंह, निवासी शिव कॉलोनी, करनाल; जगजीत सिंह उर्फ गोलू पुत्र अनुप सिंह, निवासी रामनगर, करनाल; तथा गौरव पुत्र रविन्द्र कुमार, निवासी रामनगर के गड़रिया मोहल्ला, करनाल के रूप में हुई है।

पुलिस टीम ने आरोपियों से पूछताछ की तथा उनकी निशानदेही पर घटनास्थल की पहचान करवाई। इसके अतिरिक्त, वारदात में इस्तेमाल किया गया एक चाकू भी बरामद किया गया।

पुलिस टीम ने गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।