करनाल, 10 नवंबर (प्रवीण वालिया):- थाना निगदू की पुलिस टीम ने सहायक उप निरीक्षक जगदीश चंद्र के नेतृत्व में गांव पस्ताना में एक बरामदे में बैठकर जुआ खेल रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया।
सहायक उप निरीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया कि पुलिस अधीक्षक श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल नेतृत्व में जिला पुलिस द्वारा जुआ, सट्टा और खाईवाली सहित अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत गांव पस्ताना क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि कुछ युवक गांव पस्ताना में बैठकर जुआ खेल रहे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर जुआ खेल रहे दो युवकों को काबू कर लिया। पूछताछ में युवकों की पहचान अरुण कुमार पुत्र देशराज निवासी गांव पस्ताना, करनाल और संजय कुमार पुत्र जयपाल निवासी गांव कोयर, करनाल के रूप में हुई। एक अन्य संदिग्ध के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है। मौके से आरोपियों के कब्जे से जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही ताश की दो डिब्बियां और दांव पर लगी 11 हजार 270 रुपये की नकदी बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ थाना निगदू में गैंबलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
करनाल पुलिस द्वारा जिले में जुआ एवं सट्टेबाजी जैसी गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की विभिन्न टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर रही हैं।
करनाल पुलिस आमजन से अपील करती है कि जुआ एवं सट्टेबाजी जैसी गतिविधियों से दूर रहें और किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
