करनाल, 22 नवंबर (प्रवीण वालिया):- पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में जिला पुलिस करनाल द्वारा साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में साइबर थाना करनाल की टीम ने डॉक्टर की अपॉइंटमेंट बुक करने के नाम पर लिंक भेजकर 2 लाख 45 हजार रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में उत्तर प्रदेश से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान वीर प्रताप सिंह उर्फ सोनू पुत्र धर्मेंद्र सिंह उर्फ धीरेन्द्र, निवासी गांव रिरूआ, थाना आटा, जिला जालौन, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
मामले के अनुसंधान अधिकारी सहायक उप निरीक्षक फूल कुमार ने बताया कि गांव गढ़ी सादान, तहसील इंद्री, जिला करनाल निवासी जितेंद्र सिंह ने शिकायत दी थी कि 18 सितंबर 2026 को उसके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने स्वयं को मोहाली के एक अस्पताल से बताकर डॉक्टर की अपॉइंटमेंट बुक करने के लिए 5 रुपये की फीस जमा करवाने के नाम पर एक लिंक भेजा। शिकायतकर्ता द्वारा 23 सितंबर 2026 को उक्त लिंक पर क्लिक करने के बाद उसके पंजाब नेशनल बैंक के दो खातों से अलग-अलग लेन-देन के माध्यम से कुल 2 लाख 45 हजार रुपये निकाल लिए गए।
शिकायत के आधार पर 24 सितंबर 2026 को साइबर थाना करनाल में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान साइबर थाना की टीम ने संबंधित बैंक से प्राप्त रिकॉर्ड और केवाईसी दस्तावेजों का अवलोकन किया। जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता के बैंक खाते से ठगी गई राशि में से 49,999 रुपये आरोपी वीर प्रताप सिंह के बैंक ऑफ इंडिया के खाते में ट्रांसफर हुए थे।
इसके बाद साइबर थाना करनाल की टीम ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के जिला जालौन के गांव रिरूआ से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने अपना बैंक खाता उपलब्ध करवाने के बदले 10 हजार रुपये प्राप्त किए थे। आरोपी के कब्जे से एक सैमसंग गैलेक्सी A14 5G मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
करनाल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें और अस्पताल या डॉक्टर की अपॉइंटमेंट बुक करने के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट अथवा अधिकृत माध्यमों का ही इस्तेमाल करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं।
