करनाल (प्रवीण वालिया, 11 नवंबर):- पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में जिला पुलिस चोरी की वारदातों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना शहर करनाल के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी सेक्टर-4 के इंचार्ज उप निरीक्षक हिम्मत सिंह के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक रजनीश कुमार की टीम ने फैक्ट्री से लोहे की प्लेटें चोरी करने के मामले में आरोपी प्रेम सिंह पुत्र फतेह सिंह निवासी गुरु नानकपुरा, करनाल को अनाज मंडी करनाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की 55 लोहे की प्लेटें बरामद की गई हैं।
इस संबंध में अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता अंकित कुमार निवासी सेक्टर-13, न्यू हाउसिंग बोर्ड, करनाल ने पुलिस चौकी सेक्टर-4 में शिकायत दी थी कि वह सेक्टर-3 स्थित इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्री नंबर 286 की देखरेख करता है। आरोपी प्रेम सिंह पिछले करीब छह महीने से उक्त फैक्ट्री में सुरक्षा का काम कर रहा था। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी पिछले करीब पांच महीने से प्रतिदिन अपनी स्कूटी पर फैक्ट्री से लोहे की प्लेटें चोरी करके ले जा रहा था।
शिकायत के आधार पर 9 नवंबर 2026 को थाना शहर करनाल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी प्रेम सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 55 लोहे की प्लेटें बरामद कीं।
पुलिस टीम ने आज आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां न्यायालय के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया।
