करनाल, 16 फरवरी:- घरौंडा के सेक्टर 9 में लोगों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध हो सके, इस उद्देश्य के साथ हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने आज अधिकारियों के साथ सेक्टर 9 का दौरा किया। कनेक्टिविटी और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया।
इस मौके पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि आज घरौंडा के हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टर 9 में दौरा कर यहां के प्लान को देखा। सेक्टर की कनेक्टिविटी को और बेहतर करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की गई ताकि यहां प्लाट खरीदने वालों को अच्छी सुविधाएं प्राप्त हो सकें। सेक्टर में सामुदायिक केंद्र के साथ-साथ अन्य वाणिज्यिक साइट, पार्क आदि को भविष्य में विकसित करने के लिए अधिकारियों को योजना बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सेक्टर को डींगर माजरा रोड से भी जोड़ने के सवाल पर कहा कि यदि लोग जमीन देने को तैयार होते हैं तो बेहतर कनेक्टिविटी हो सकती है। इसके लिए जमीन मालिकों से बातचीत करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी विषयों पर अधिकारियों को निचले स्तर पर योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। जो भी संभव होगा उस कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि लोगों को सेक्टर में बेहतर आवासीय सुविधाएं हासिल हों।
उल्लेखनीय है कि सेक्टर 9 में चार, पांच और छह मरला आकार के 294 प्लाट हैं। लेकिन अधिकांश प्लाट अभी खाली हैं। एचएसवीपी द्वारा 2022 में यह सेक्टर काटा गया था। इस समय इसकी कनेक्टिविटी कैमला रोड से है। स्पीकर का प्रयास है कि यहां भविष्य में लोगों को हर प्रकार की मूलभूत सुविधा हासिल हो और सेक्टर जल्द विकसित हो। इस मौके पर एचएसवीपी की संपदा अधिकारी अदिति, एसडीएम राजेश सोनी, नगरपालिका के चेयरमैन हैप्पी लक गुप्ता, मार्केट कमेटी चेयरमैन राजकुमार पालीवाल, तहसीलदार तरूण प्रकाश, नायब तहसीलदार अरविंद यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष रोहित भंडारी, एमई संदीप लाठर, पुरूषोतम सेठी आदि मौजूद रहे।
कल्याण ने किया घरौंडा सेक्टर 9 का दौरा
