करनाल, 26 अक्तूबर: हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने आज घरौंडा हलका के गांव कैमला में एशियन रोइंग चैंपियनशिप 2025 में स्वर्ण पदक जीतने वाले बलराज पंवार को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बलराज ने खेल जगत में देश व प्रदेश का नाम रौशन किया है। इसके लिए उन्हें बधाई व शुभकामनाएं। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी वे इसी प्रकार प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए नई बुलंदियों को छुएंगे।
उल्लेखनीय है कि बलराज पंवार इस जिला के गांव कैमला (घरौंडा) के रहने वाले हैं। वे पेरिस 2024 ग्रीष्माकालीन ओलंपिक में भाग लेने वाले भारत के एकमात्र नौकायन खिलाड़ी थे और उन्होंने पुरुष एकल स्पर्धा में भाग लिया। ओलंपिक में उन्होंने कुल मिलाकर 23 वां स्थान हासिल किया। उन्होंने एशियाई और ओशनियन ओलंपिक क्वालीफिकेशन रेगाटा में कांस्य पदक जीता। पेरिस ओलंपिक में पुरुष एकल स्कल स्पर्धा के फाइनल डी में पांचवें स्थान पर रहे।
उन्होंने 2025 में एशियाई रोइंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत कर देश का नाम रौशन किया। उन्होंने नौकायन 2020 में शुरू की। वे भारतीय सेना में कार्यरत हैं।
स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी बलराज को कल्याण ने किया शॉल ओढ़ाकर सम्मानित उज्ज्वल भविष्य की कामना की
