होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- गत दिवस 30 वर्षीय युवक कृष्ण कुमार की होशियारपुर केंद्रीय जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद उनके परिजन और जानकार जेल चौक पर प्रदर्शन कर रहे हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता तीक्ष्ण सूद ने बताया कि मृतक के परिजनों ने उन्हें जानकारी दी है कि जेल प्रशासन उसकी मौत के वास्तविक कारणों को छिपा रहा है। उनका कहना है कि मौत से पहले परिवार को उसकी तबीयत खराब होने की सूचना दी गई थी, जबकि अब मौत का कारण आत्महत्या बताया जा रहा है। श्री सूद ने इन दोनों बातों को विरोधाभासी बताया।

श्री सूद ने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में पंजाब की जेलों की व्यवस्था जितनी खराब हुई है, वैसी पहले कभी देखने को नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि जेलों में गैंगस्टरों की गतिविधियां लगातार जारी हैं और जेलों के भीतर से उनके साक्षात्कार तक मीडिया के माध्यम से प्रसारित हो चुके हैं। उन्होंने जेलों में नशे के कारोबार के भी बड़े स्तर पर चलने का आरोप लगाया।

उन्होंने इसके उदाहरण के रूप में होशियारपुर केंद्रीय जेल के उप अधीक्षक तक के इस मामले में संलिप्त पाए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जेलों में आत्महत्या की घटनाओं का सिलसिला भी लगातार जारी है, जो गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने मांग की कि कृष्ण कुमार की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए न्यायिक जांच करवाई जाए और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।