मुकेरियां:- पीएम श्री सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल हाजीपुर में सम्माननीय प्राचार्य श्री दीपक शर्मा के दूरदर्शी नेतृत्व तथा वोकेशनल मास्टर श्री बलदेव सिंह के सराहनीय प्रयासों से विद्यालय परिसर में रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित किया।
रोजगार मेले में वर्धमान इंडस्ट्री की ओर से रोजगार अधिकारी श्री रघुवीर सिंह एवं श्री रूप सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यालय से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण लगभग 20 विद्यार्थियों को वर्धमान इंडस्ट्री के बद्दी यूनिट के लिए रोजगार ऑफर लेटर प्रदान किए। चयनित विद्यार्थी 11 मई 2026 को बद्दी यूनिट में विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं शुरू करेंगे।
इस अवसर पर प्राचार्य श्री दीपक शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह विद्यालय के लिए गर्व की बात है कि पहली बार इतने बड़े औद्योगिक संस्थान में विद्यार्थियों को अच्छी तनख्वाह और बेहतर सुविधाओं के साथ रोजगार प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन निरंतर करता रहेगा।
रोजगार मेले के सफल आयोजन में श्रीमती रोहिणी, श्रीमती नीतू, श्री कुलविंदर सिंह, श्री महल सिंह, श्री सुरजीत सिंह, श्री संदीप सिंह, श्री मनजीत सिंह तथा श्री गुरदियाल सिंह ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी सहयोगियों एवं चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।