हरोली/ऊना, 23 नवंबर (राजवीर चोपड़ा):- आर्मेनिया में बीमारी के चलते फंसे हरोली विधानसभा क्षेत्र के जसवंत राय अब धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहे हैं। जसवंत को स्वस्थ होते, अपने हाथ-पैर हिलाते और चलते-फिरते देखकर भाजपा नेता पुनीत मोदगिल ने खुशी और संतोष व्यक्त किया।

पुनीत मोदगिल ने भावुक होते हुए कहा कि जब जसवंत आर्मेनिया में फंसा हुआ था और उसकी माता उनके पास मदद की गुहार लेकर पहुंची थीं, तब मां का दुख देखकर उन्होंने संकल्प लिया था कि जब तक जसवंत को अपने पैरों पर चलते और मुस्कुराते हुए नहीं देखेंगे, तब तक चैन से नहीं बैठेंगे।

उन्होंने कहा कि जसवंत को भारत वापस लाने का प्रयास उनके लिए केवल मदद का कार्य नहीं था, बल्कि इसके साथ जसवंत, उसकी माता और पूरे परिवार की जिम्मेदारी भी जुड़ गई थी।

मोदगिल ने बताया कि आज जब उन्होंने जसवंत के पास पहुंचकर उसका हालचाल जाना और उसे हाथ-पैर हिलाते, चलते-फिरते तथा खिलखिलाते हुए देखा तो मन को असीम संतोष मिला। यह सब ईश्वर की कृपा और लोगों के आशीर्वाद से संभव हो पाया है।

पुनीत मोदगिल ने भगवद्गीता के श्लोक "न हि कल्याणकृत्कश्चिद्दुर्गतिं तात गच्छति" का उल्लेख करते हुए कहा कि निस्वार्थ भाव से किए गए अच्छे कर्म कभी व्यर्थ नहीं जाते। यदि किसी का बुरा नहीं चाहा और सच्चे मन से किसी की भलाई की है तो ईश्वर पर विश्वास रखते हुए हार नहीं माननी चाहिए।

पुनीत मोदगिल ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र का हर बच्चा उनका अपना बच्चा है और क्षेत्र की जनता ही उनका परिवार है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह कल भी जनता के साथ थे, आज भी साथ हैं और भविष्य में भी हमेशा जनता के बीच रहेंगे। किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए उनके दरवाजे 24 घंटे खुले हैं।