पटियाला, 8 सितंबर:- निष्काम समाज सेवा के लिए प्रसिद्ध पटियाला की जनहित समिति (रजि.) संस्था अब दुनिया की सबसे बड़ी मानवता की सेवा करने वाली संस्था 'अपना घर आश्रम' भरतपुर (राजस्थान) के साथ मिलकर पटियाला शहर के गांव रायपुर मंडलां में लावारिस, लाचार और बीमार व्यक्तियों की देखभाल के लिए एक 'जनहित अपना घर आश्रम पटियाला' खोलने जा रही है।
जनहित समिति के अध्यक्ष श्री एस के गौतम और संस्थापक सदस्य अनिल कुमार भारती ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस संबंध में जनहित समिति के महासचिव विनोद कुमार शर्मा के नेतृत्व में वरिष्ठ सदस्यों की टीम द्वारा अपना घर आश्रम भरतपुर के संस्थापक डॉक्टर ब्रिज मोहन भारद्वाज, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती माधुरी भारद्वाज और उनकी पूरी टीम के साथ विचार-विमर्श करने के उपरांत उक्त महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।
जनहित समिति के महासचिव विनोद शर्मा ने बताया कि अब यह दोनों संस्थाएं जिला पटियाला और इसके आसपास के इलाकों में किसी भी इंसान को लावारिस स्थितियों में, लाचार स्थितियों में भूखा और प्यासा मरने नहीं देंगी। यह संस्थाएं इन व्यक्तियों को प्रभु जी अर्थात परमात्मा का रूप मानते हुए उनके लिए रोटी, कपड़ा और मकान के साथ-साथ दवाओं आदि का प्रबंध तो करेंगी ही, इसके अलावा इन व्यक्तियों के लिए जनहित अपना घर आश्रम में एक पारिवारिक माहौल का अपनापन भी देंगी ताकि यह लोग भी अपनी जिंदगी आरामदायक और प्यार भरे माहौल में जी सकें। इस अवसर पर श्री केवल कृष्ण कटारिया और डॉ. हरि ओम अग्रवाल ने बताया कि अब पटियाला जिले के किसी भी लावारिस, बेसहारा मरीज को सड़कों पर रुलने नहीं दिया जाएगा। इन मरीजों के पूर्ण इलाज के उपरांत इनके पुनर्वास के लिए इंतजाम किए जाएंगे।
जनहित समिति (रजि.) पटियाला द्वारा इस मिशन की सफलता के लिए डॉ. हरि ओम अग्रवाल और श्री केवल कृष्ण कटारिया का विशेष रूप से धन्यवाद भी किया गया जिन्होंने इस आश्रम को खोलने के विचार को वास्तविक मंजिल तक पहुंचाने में अपना महत्वपूर्ण किरदार निभाया है।
इस अवसर पर आयोजित संयुक्त बैठक में अपना घर आश्रम भरतपुर राजस्थान के संस्थापक डॉ. ब्रिज मोहन भारद्वाज, श्रीमती माधुरी भारद्वाज, श्री वीर पाल, श्री चंद्र शेखर गुप्ता, फरीदकोट से श्री केवल कृष्ण कटारिया और जनहित समिति रजि. पटियाला के महासचिव स्टेट अवार्डी विनोद कुमार शर्मा, मैनेजर सतीश जोशी, गगनदीप सिंह आदि भी उपस्थित थे।