हिसार:- सामाजिक संगठन इंकलाब युवा मोर्चा व भीख नहीं किताब दो संस्था द्वारा संयुक्त रूप से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष समारोह व मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। आजाद नगर स्थित संपूर्ण फिजियोथेरेपी सेंटर पर आयोजित किए गए इस समारोह में हिसार जिले की कई प्रसिद्ध हस्तियों व विद्यार्थियों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। इस अवसर पर गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय कुलपति की पत्नी एवं शिक्षाविद डॉ. वंदना बिश्नोई मुख्यातिथि के रूप में मौजूद रही। इस दौरान प्रसिद्ध फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. संदीप कलियाणा, पैरा एथलीट एकता भ्याण, जया पूनिया, रेणुका जाखड़,  सरोज सरोवन, अनु चीनिया, पुनीत वधवा, सुमेश जोशी, महिला रोग विशेषज्ञ  डॉ. हिमानी अहलावत, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. साहिल धमीजा व डॉ. विवेक सहित काफी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर डिंपल बंसल ने कुशल मंच संचालन से सभी को खूब प्रभावित किया।
  इस अवसर पर मुख्यातिथि डॉ. वंदना बिश्नोई ने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला दिवस श्रेष्ठ कार्य करने के लिए प्रेरित करता है और हर स्त्री को इस दिवस को धूमधाम से मनाना चाहिए। इस दौरान डॉ. हिमानी अहलावत, डॉ. साहिल धमीजा व डॉ. विवेक ने स्वस्थ रहने के उपाय साझा किए। इस अवसर पर डॉ. संदीप कलियाणा में कार्यस्थल पर सही ढंग से बैठने व कार्य करने के तरीकों व मुद्राओं पर विशेष जानकारी प्रदान की।
  महिला दिवस समारोह में भीख नहीं किताब दो संस्था से जुड़ी लड़कियों ने मैक्रेम आर्ट का प्रदर्शन करके खूब वाहवाही लूटी। सडक़ों से कबाड़ इकट्ठा करने वाली लड़कियां भीख नहीं किताब दो संस्था के तत्वावधान में रॉयल मैक्रेम की संचालिका रेणुका जाखड़ के पास प्रशिक्षण ले रही हैं। दो छात्राओं द्वारा कराटे का प्रदर्शन करके महिला सशक्तीकरण की बानगी भी प्रस्तुत की गई। यशस्वी व ओजस्वी ने योग मुद्राओं का प्रदर्शन करके खूब तालियां बटोरी। संपूर्ण फिजियोथेरेपी सेंटर द्वारा महिला दिवस पर आधारित चित्रकला स्पर्धा का आयोजन भी विभिन्न विद्यालयों में किया गया। इस स्पर्धा के विजेताओं को भी महिला दिवस समारोह में सम्मानित किया गया। इस स्पर्धा में ब्लूमिंग डेल्स स्कूल ने प्रथम, जे पी स्कूल ने द्वितीय व सेक्टर 16-17 के गवर्नमेंट स्कूल ने तृतीय एवं सिवानी के स्कूल ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। इस अवसर पर मेडिकल कैंप आयोजित करके उचित स्वास्थ्य सलाह भी दी गई।