चंडीगढ़, 22 नवंबर:- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के दौरान मनाए गए हरियाणा राज्य दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने हरियाणा पवेलियन का भी दौरा किया और वहां पहुंचे उद्यमियों, व्यापारियों, निवेशकों तथा कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
भारत मंडपम के एम्फीथिएटर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मेले की थीम “विकास और विरासत” हरियाणा के स्वभाव के अनुरूप है और यह हमारी प्राथमिकता भी है। हरियाणा वेदों और उपनिषदों की रचना भूमि है, राखीगढ़ी की प्राचीन सभ्यता की धरती है और कुरुक्षेत्र में भगवान श्रीकृष्ण के कर्मयोग के संदेश की भूमि है। यही भावना इस पवेलियन में भी दिखाई देती है। एक ओर हरियाणवी चौपाल है तो दूसरी ओर एलईडी दीवारें और एआई-एआर सेल्फी बूथ हैं। यहां हरियाणा की मिट्टी की खुशबू भी है और यहां के लोगों की मेहनत का गौरव भी। उन्होंने कहा कि यहां सजाया गया हरियाणा पवेलियन राज्य की विरासत, क्षमता और संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत कर रहा है। यहां 10 कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों के साथ-साथ 22 एमएसएमई ने अपने स्टॉल लगाए हैं। उन्होंने आम लोगों से हरियाणा के उत्पाद खरीदकर कारीगरों के हुनर को पहचान दिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हरियाणा में निवेश को बढ़ावा देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पहली बार बनाया गया एक्सपोर्ट कॉर्नर
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस वर्ष हरियाणा पवेलियन में पहली बार एक्सपोर्ट कॉर्नर स्थापित किया गया है। यह कॉर्नर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के निर्यात बढ़ाने के विजन और राज्य सरकार के संकल्प का जीवंत प्रतीक है। यहां हरियाणा के उद्यमियों के उत्पादों के साथ-साथ निर्माता का विवरण और उत्पाद की उपलब्धता वाले स्थान की जानकारी भी दी गई है, ताकि देश-विदेश के खरीदार बिना किसी बिचौलिए के सीधे उत्पादक से आसानी से संपर्क कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। हमारा संकल्प है कि गुरुग्राम, फरीदाबाद और एनसीआर के साथ-साथ राज्य का हर जिला विकास यात्रा का समान भागीदार बने। गुरुग्राम आईटी और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटरों का केंद्र है, फरीदाबाद इंजीनियरिंग का, मानेसर ऑटोमोबाइल का, पानीपत टेक्सटाइल का, यमुनानगर प्लाईवुड का और अंबाला वैज्ञानिक उपकरणों का केंद्र है। सोनीपत-खरखौदा औद्योगिक विकास को नई गति दे रहे हैं। अप्रैल 2027 में गुरुग्राम में ‘हैपनिंग हरियाणा’ ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया जाएगा।
विकसित भारत 2047 के संकल्प को करेंगे पूरा
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा ने इसी महीने अपने गठन के 60 वर्ष पूरे किए हैं। यह हीरक जयंती राज्य के किसानों, मजदूरों, उद्यमियों और उद्योग जगत की मेहनत को नमन करने का अवसर है। अब इस प्रगति को अगली पीढ़ी के लिए और बड़े अवसरों में बदलना हमारी जिम्मेदारी है। उद्योग जगत स्वच्छ तकनीक, जल संरक्षण और श्रमिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दे तथा युवाओं के कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भागीदार बने। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत-2047” के संकल्प में हरियाणा पूरी ताकत के साथ योगदान देगा।
निवेश को बढ़ावा देना सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में निवेश को बढ़ावा देना हमेशा से हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। बेहतर बुनियादी ढांचे, पारदर्शी प्रशासन और ‘मेक इन हरियाणा’ औद्योगिक नीति के बल पर अक्टूबर 2024 से अब तक राज्य को लगभग 2.91 लाख करोड़ रुपये के 205 निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की 97 योजनाएं जमीन पर लागू होने के विभिन्न चरणों में हैं। निवेशकों की जरूरतों को समझने के लिए हमने वैश्विक स्तर पर उनसे सीधा संवाद किया। हमारी जापान यात्रा बेहद सफल रही, जहां उद्योग प्रतिनिधियों के साथ हुई 30 से अधिक बैठकों के परिणामस्वरूप 4,433 करोड़ रुपये के आठ समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुए, जिनमें से छह परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ चुका है। इसी क्रम में सिंगापुर यात्रा के दौरान भी विभिन्न क्षेत्रों में 5,500 करोड़ रुपये के चार महत्वपूर्ण निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। मुंबई और गुजरात से मिले बड़े निवेश के साथ हरियाणा को वैश्विक निवेश केंद्र बनाने के लिए हम अप्रैल 2027 में ‘हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ आयोजित करने जा रहे हैं।
निवेश प्रस्ताव कागजों तक सीमित न रहें, जमीन पर लागू हों
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारा प्रयास है कि निवेश प्रस्ताव केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें जमीन पर लागू किया जाए। इसी सोच के तहत हमने “मेक इन हरियाणा औद्योगिक नीति-2026” लागू की है, जिसका लक्ष्य अगले पांच वर्षों में 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित करना और 10 लाख रोजगार के अवसर पैदा करना है। इन्वेस्ट हरियाणा सिंगल विंडो पोर्टल के माध्यम से प्रक्रियाएं सरल और पारदर्शी हुई हैं। राज्य के 14 लाख से अधिक एमएसएमई हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। आज राज्य में 12 हजार से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप हैं और इनमें से आधे से अधिक में कम से कम एक महिला निदेशक है। दो हजार करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड ऑफ फंड्स, गुरुग्राम और पंचकूला में एआई हब तथा स्टार्टअप हरियाणा की पहल हर जिले की प्रतिभा को शुरुआत से लेकर विस्तार तक आगे बढ़ने का अवसर देगी।
हरियाणा ने कभी हार नहीं मानी, हर चुनौती को स्वीकार किया
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने याद दिलाया कि 1 नवंबर 1966 को जब हरियाणा बना था, तब बहुत से लोग कहते थे कि यह छोटा राज्य चल नहीं पाएगा। उस समय न पर्याप्त बिजली थी, न पक्की सड़कें और न ही उद्योगों का कोई आधार था। लेकिन हरियाणा के लोगों ने हार नहीं मानी। उन्होंने इसे चुनौती के रूप में स्वीकार किया और अपनी मेहनत से हर आशंका को गलत साबित कर दिया। आंकड़े प्रस्तुत करते हुए उन्होंने बताया कि हरियाणा ने कहां से अपनी यात्रा शुरू की थी और आज कहां पहुंच गया है। गठन के समय हरियाणा में सात जिले थे, जबकि आज 23 जिले हैं। उस समय राज्य की अर्थव्यवस्था 540 करोड़ रुपये की थी, जो आज 13 लाख 67 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक हो गई है। उस समय प्रति व्यक्ति आय 608 रुपये थी, जो आज लगभग 3 लाख 96 हजार रुपये है और राष्ट्रीय औसत से लगभग पौने दो गुना अधिक है। उस समय निर्यात लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये का था, जो आज बढ़कर 2 लाख 75 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक हो गया है।
जिस राज्य को छोटा समझा गया, उसी ने सबसे लंबी छलांग लगाई
पंजाब से तुलना करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दोनों राज्यों ने एक जैसी पृष्ठभूमि से अपनी यात्रा शुरू की थी। वर्ष 1970-71 के आसपास देश की जीडीपी में पंजाब की हिस्सेदारी 4.4 प्रतिशत और हरियाणा की 2.7 प्रतिशत थी। आज छोटा राज्य होने के बावजूद हरियाणा की हिस्सेदारी 3.6 प्रतिशत है, जबकि पंजाब की 2.4 प्रतिशत है। प्रति व्यक्ति आय के मामले में भी हरियाणा पंजाब से लगभग 1 लाख 65 हजार रुपये आगे है। उन्होंने कहा कि पंजाब हरियाणा का बड़ा भाई है, क्योंकि पूरा क्षेत्र कभी पंजाब का हिस्सा था और दोनों राज्यों का अटूट रिश्ता है। दोनों के त्योहार भी साझा हैं। श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व 24 तारीख को आने वाला है। मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने दो दिन पहले तीर्थस्थल कपाल मोचन मेले का उद्घाटन किया था, जिसमें केंद्रीय संस्कृति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े हरियाणा के लोगों की मेहनत, दूरदर्शिता और दृढ़ संकल्प का परिणाम हैं तथा राज्य के लिए गर्व की बात हैं।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पैरा एथलीट प्रणव सूरमा, पैरा एथलीट रिंकू, पैरा एथलीट देवेंद्र और पैरा एथलीट सुचिका हुड्डा को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर हरियाणा ट्रेड फेयर अथॉरिटी की मुख्य प्रशासक श्रीमती ए. मोना श्रीनिवास, प्रशासक विनय प्रताप सिंह, हरियाणा पवेलियन के निदेशक अनिल चौधरी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
