होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- पंजाब स्टेट स्पेशल ओलंपिक्स-2026 के तहत 13 से 15 नवंबर, 2026 तक गुरु नानक पब्लिक स्कूल, सराभा नगर, लुधियाना में आयोजित की जा रही विशेष खेल प्रतियोगिताओं का उद्घाटन स्पेशल ओलंपिक्स भारत की अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे.पी. नड्डा की धर्मपत्नी डॉ. मल्लिका नड्डा ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।
इस अवसर पर उन्होंने आत्मसुख आत्मदेव आश्रम (फॉर लिविंग गॉड्स), पुरानी कनक मंडी, होशियारपुर के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों सागर और अमनदीप कौर को उनकी शानदार अंतरराष्ट्रीय खेल उपलब्धियों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि सागर ने पेरिस में आयोजित यूनिफाइड फुटबॉल विश्व कप-2026 में रजत पदक हासिल किया, जबकि अमनदीप कौर ने बेल्जियम और नीदरलैंड में आयोजित एफआईएच पैरा हॉकी विश्व कप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
पंजाब स्टेट स्पेशल ओलंपिक्स के पदाधिकारियों ने दोनों खिलाड़ियों को विशेष सम्मान देते हुए उन्हें सजी-धजी बग्घी में बैठाकर लुधियाना शहर के प्रमुख मार्गों से भव्य शोभायात्रा निकाली। इस शोभायात्रा में पंजाब के विभिन्न जिलों से आए विशेष खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और स्पेशल ओलंपिक्स संघ के पदाधिकारियों ने भाग लिया। यह सम्मान पूरे होशियारपुर के लिए गर्व की बात है।
आश्रम के अध्यक्ष नवदीप सूद ने कहा कि संसद द्वारा पारित दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 की धारा 25(1)(c) के तहत दिव्यांगजनों को अस्पतालों में प्राथमिकता के आधार पर चिकित्सा सेवाएं और उपचार प्राप्त करने का कानूनी अधिकार है। लगभग 10 वर्ष बीत जाने के बावजूद देशभर में इस कानूनी प्रावधान को प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया जा सका है।
इस अवसर पर आत्मसुख आत्मदेव आश्रम की ओर से डॉ. मल्लिका नड्डा को एक मांग पत्र भी सौंपा गया, जिसमें अनुरोध किया गया कि वह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ प्रभावी पैरवी करके मंत्रालय के पत्र संख्या F. No. A-14020/23/2026, दिनांक 05-10-2026 के माध्यम से जारी दिशा-निर्देशों को देशभर में व्यावहारिक रूप से लागू करवाने में सहयोग दें।
डॉ. मल्लिका नड्डा की सक्रिय पहल देशभर के सरकारी और निजी अस्पतालों में इस कानूनी प्रावधान को व्यावहारिक रूप से लागू करवाने और करोड़ों दिव्यांगजनों को उनका कानूनी अधिकार दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
