होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ से संबद्ध कॉलेजों की जोनल प्रतियोगिताओं में विजेता रहे विद्यार्थियों की विभिन्न रचनात्मक, कलात्मक और विरासती गतिविधियों से जुड़े चार दिवसीय इंटर-जोनल युवा एवं विरासत मेले का शुभारंभ सिख एजुकेशनल काउंसिल के प्रबंधन में चल रहे श्री गुरु गोबिंद सिंह खालसा कॉलेज माहिलपुर में आज शानो-शौकत के साथ हुआ।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कुलवंत सिंह, आईएएस, निदेशक डीपीआई (कॉलेज), ने भाग लिया, जबकि विशेष अतिथि के रूप में कॉलेज विकास काउंसिल के डीन डॉ. रवींद्र सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर केंद्रीय पूर्व मंत्री विजय सांपला भी विशेष रूप से शामिल हुए।
युवा मेले के अध्यक्षमंडल में सिख एजुकेशनल काउंसिल के अध्यक्ष संत साधू सिंह कहारपुर, मैनेजर इंदरजीत सिंह भारता, महासचिव प्रो. अपिंदर सिंह, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा समेत अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
कॉलेज के संगीत विभाग के विद्यार्थियों द्वारा ‘देह शिवा वर मोहि एहै’ शबद के गायन से इंटर-जोनल युवा मेले का आगाज हुआ। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. परविंदर सिंह ने उपस्थित अतिथियों समेत विभिन्न कॉलेजों से आए विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने जोनल युवा मेले और इंटर-जोनल युवा मेले, दोनों के आयोजन में सहयोग के लिए कॉलेज की प्रबंधकीय कमेटी तथा पंजाब विश्वविद्यालय प्रशासन का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं निदेशक (कॉलेज) कुलवंत सिंह धूरी ने विद्यार्थियों से ऐसे युवा मेलों में भरपूर भागीदारी करने का आह्वान किया और कॉलेज की बेहतर व्यवस्थाओं की सराहना की। विशेष अतिथि डीन डॉ. रवींद्र सिंह ने विश्वविद्यालय की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।
केंद्रीय पूर्व मंत्री विजय सांपला ने कहा कि ऐसे युवा मेले विद्यार्थियों को अपनी विरासत के प्रति जागरूक रखते हैं। उन्होंने कॉलेज की प्रबंधकीय कमेटी, प्राचार्य और स्टाफ को बधाई दी।
इंटर-जोनल युवा मेले के दौरान लोकनृत्य भांगड़ा में जीजीएन खालसा कॉलेज, लुधियाना ने पहला स्थान प्राप्त किया। खालसा कॉलेज, चंडीगढ़ और सरकारी कॉलेज, लुधियाना ने संयुक्त रूप से दूसरा, जबकि जीजीडीएसडी कॉलेज, चंडीगढ़ ने तीसरा स्थान हासिल किया।
लोकनृत्य गिद्धा की प्रस्तुति में डीएवी कॉलेज, चंडीगढ़ ने पहला और जीजीडीएसडी कॉलेज, चंडीगढ़ ने दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि देव समाज कॉलेज, फिरोजपुर, खालसा कॉलेज, माहिलपुर और गर्ल्स कॉलेज, बादल ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर यूथ अकाली दल के जिला प्रधान जतिंदर सिंह लाली बाजवा, सीनेट सदस्य डॉ. जगतार सिंह, सुरिंदर कुमार शर्मा, कपिल कुमार शर्मा, जसवंत सिंह, लोक गायक जग्गी अमरगढ़, डॉ. जसवंत सिंह थिंद, प्राचार्य डॉ. रोहतांश, प्राचार्य एस.एस. संघा, जी.एस. कालकट, प्रबंधकीय सचिव डॉ. विक्रांत सिंह राणा, डॉ. आरती शर्मा, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. कोमल, प्रो. सुखविंदर सिंह, रुपिंदरजोत बब्बू, जगजीत सिंह गणेशपुर, गुरविंदर कैंदोवाल समेत विभिन्न कॉलेजों के शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
