होशियारपुर: गांव भट्टियां खुर्द में श्री गुरु रविदास क्लब की ओर से भव्य धार्मिक समागम करवाया गया। इस अवसर पर सुखमनी साहिब के पाठ के बाद रागी जत्थों ने विभिन्न कीर्तन कर संगत को निहाल किया तथा संत सतविंदर हीरा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल भारतीय आदि धर्म मिशन, संत बलबीर धांदरा महासचिव श्री चरणछोह गंगा खुरालगढ़ साहिब, संत धर्म सिंह चीमा साहिब सदस्य, संत सोहन लाल प्रचारक ने सत्संग के माध्यम से संगत को नाम बाणी से जोड़ा। 
संत सतविंदर हीरा ने गुरमत विचार साझा करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक मनुष्य गुरुओं की वाणी को पढ़े और मनन करे तथा दिखाए गए मार्ग पर चले तो उसके अंदर से लोभ, लालच और ईर्ष्या खत्म हो जाएगी और फिर वह हमेशा दूसरों की भलाई के लिए कार्य करेगा। सतगुरु रविदास महाराज जी की वाणी के अनुसार "केह रविदास सभै जगु लुटिया हम तो एक राम कह चुटिया" अर्थात उस प्रभु परमात्मा के ध्यान के बिना पार नहीं होगा।
 उन्होंने कहा कि सतगुरु रविदास महाराज जी समाज को एक माला में पिरोने का संदेश देते हैं कि "सत्संगत मिल रहिए माधो जैसे मधुप मखीरा" जिस प्रकार मधुमक्खियां अपनी सुरक्षा के लिए एकजुट रहती हैं, उसी प्रकार समाज को भी अपने मानवाधिकारों के लिए एकजुट रहना चाहिए तथा अपने अधिकारों को प्राप्त करने के लिए संघर्ष करते रहना चाहिए। 
इस अवसर पर संत बलवीर धांदरा, संत धर्म सिंह, संत सोहन लाल ने संगत को गुरु महाराज के श्लोक "पढ़िए गुणिए नाम सब सुनिए" तथा "माधो अविद्या हित कीन" से प्रेरणा लेते हुए अपने बच्चों को अधिक से अधिक शिक्षित करने पर ध्यान देने की सलाह दी, क्योंकि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर ने भी कहा था कि "पढ़ो, जुड़ो और संघर्ष करो"। यह तभी हो सकता है जब समाज अधिक से अधिक शिक्षा प्राप्त कर समृद्ध और एकजुट बने। 
इस अवसर पर गुरु रविदास क्लब भट्टियां खुर्द की ओर से आए महान संतों, धार्मिक, सामाजिक व राजनीतिक शख्सियतों को विशेष तौर पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष अमरींत सिंह, कोषाध्यक्ष सतनाम सिंह, मनदीप सिंह, गुरनाम सिंह, बिंदर सिंह, सुरजीत सिंह ग्रंथी, जंग सिंह, जगसीर सिंह व बड़ी संख्या में संगत मौजूद थी।