हांसी:– डीसी राहुल नरवाल के मार्गदर्शन में तथा एसएमओ डॉ. राहुल बुद्धिराजा के निर्देशानुसार मानवती कन्या हाई स्कूल हांसी में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत एचपीवी टीकाकरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति जागरूक करना तथा कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ समाज में चेतना फैलाना रहा।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा 14 से 15 वर्ष से कम आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीनेशन के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। टीम ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और समय पर टीकाकरण से बालिकाओं का स्वास्थ्य सुरक्षित किया जा सकता है। छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने तथा जागरूक रहने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत कन्या भ्रूण हत्या रोकथाम को लेकर भी विशेष जागरूकता संदेश दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बताया कि विभाग द्वारा शहर के विभिन्न स्कूलों में प्रिंसिपलों एवं शिक्षकों के साथ बैठकें आयोजित कर समाज को कन्या भ्रूण हत्या के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। टीम ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति प्रसव से पूर्व भ्रूण लिंग जांच करवाने अथवा कन्या भ्रूण हत्या में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान जीत राम एमपीएचडब्ल्यू ने एचपीवी टीकाकरण एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि बेटियों का स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करें।
मानवती कन्या हाई स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. तमन्ना ने अपने संबोधन में कहा कि हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि बेटियों को केवल जन्म ही नहीं देंगे बल्कि उन्हें शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर भी बनाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के माध्यम से ही बेटियों का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम के सदस्य दीपक एवं अनिल सहित स्कूल स्टाफ और छात्राएं उपस्थित रहीं।
