होशियारपुर- लोकसभा क्षेत्र होशियारपुर से सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने कहा कि होशियारपुर मंडी को आधुनिक बनाने की योजना के तहत 5 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य किए जाएंगे। इस संबंध में विधायक ब्रह्म शंकर जिंपा की उपस्थिति में मंडी बोर्ड के अधिकारियों और आढ़तियों के साथ हुई विशेष बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि यह राशि मंडी के बुनियादी ढांचे में सुधार, आवाजाही की सुविधा और सुचारू प्रबंधों पर खर्च की जाएगी।
डॉ. चब्बेवाल ने कहा कि मंडी में कंक्रीट की सड़क बनाई जाएगी, जिससे फसलें और अन्य सामान लाने-ले जाने में आ रही दिक्कतें दूर होंगी। उन्होंने बताया कि मंडी में पहले से बने पखानों की हालत को ध्यान में रखते हुए उन्हें भी बेहतर बनाया जाएगा ताकि किसानों और आढ़तियों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि होशियारपुर मंडी को पंजाब की सबसे आधुनिक और सुविधाजनक मंडियों में शामिल किया जाएगा और सरकार किसानों व व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।
विधायक ब्रह्म शंकर जिंपा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मंडी में आलू और प्याज़ जैसे उत्पादों के लिए अलग-अलग शेड बनाए जाएंगे, जिससे भंडारण की बेहतर व्यवस्था होने से आढ़तियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह मांग आढ़तियों की ओर से लंबे समय से की जा रही थी, जिसे अब अमलीजामा पहनाया जाएगा। विधायक ने कहा कि मंडी की मूलभूत सुविधाओं को सुधारने के लिए पंजाब सरकार पूरी तरह से वचनबद्ध है।
इस मौके पर नगर निगम के मेयर सुरिंदर कुमार छिंदा, मंडी समिति के चेयरमैन जसपाल सिंह चेची, हुषियारपुर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन विक्रम शर्मा बॉबी और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
होशियारपुर मंडी का होगा कायाकल्प, 5 करोड़ रुपये की लागत से होंगे विकास कार्य: सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल
