होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि जिला होशियारपुर ने पीएम राहत योजना के अंतर्गत 100 मामलों को सफलतापूर्वक मंजूरी देकर पंजाब में पहला जिला बनने का गौरव हासिल किया है। यह उपलब्धि आरटीओ अमनदीप कौर घुम्मण की निगरानी तथा जिला रोल आउट मैनेजर जसप्रीत सिंह के सहयोग से हासिल की गई है। इसमें सभी संबंधित पुलिस अधिकारियों, जिला स्तरीय अधिकारियों और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों, समर्पण तथा बेहतर आपसी तालमेल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि पीएम राहत योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को तत्काल कैशलेस उपचार उपलब्ध करवाकर उनकी जान बचाना और आर्थिक कठिनाइयों के कारण इलाज में होने वाली देरी को रोकना है। जिला प्रशासन द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पात्र दुर्घटना पीड़ितों तक इसका लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ित को दुर्घटना की तारीख से अधिकतम सात दिनों तक 1.50 लाख रुपए तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध करवाया जाता है। दुर्घटना के बाद शुरुआती 24 से 48 घंटे, जिन्हें गोल्डन ऑवर कहा जाता है, जीवन बचाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इसलिए घायल व्यक्ति को तुरंत नजदीकी सूचीबद्ध अस्पताल पहुंचाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल होने वाला प्रत्येक भारतीय तथा विदेशी नागरिक इस योजना का लाभ लेने का पात्र है और इसके लिए वाहन का बीमा होना भी जरूरी नहीं है। दुर्घटना की स्थिति में एंबुलेंस तथा नजदीकी सूचीबद्ध अस्पताल की जानकारी के लिए 112 हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है। योजना का संचालन ई-डार तथा नेशनल हेल्थ अथॉरिटी के टीएमएस 2.0 पोर्टल के माध्यम से किया जाता है और उपचार का खर्च मोटर वाहन दुर्घटना फंड से वहन किया जाता है। हिट एंड रन मामलों में खर्च सरकार द्वारा उठाया जाता है।
आरटीओ अमनदीप कौर घुम्मण ने राह-वीर (गुड समैरिटन) योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना के पहले 60 मिनट के भीतर घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार को 25 हजार रुपए नकद पुरस्कार और प्रशंसा पत्र दिया जाता है। एक व्यक्ति साल में अधिकतम पांच बार इस पुरस्कार का लाभ ले सकता है। यदि कई व्यक्ति मिलकर मदद करते हैं तो पुरस्कार राशि उनमें समान रूप से बांटी जाती है। उत्कृष्ट राह-वीरों को राष्ट्रीय स्तर पर एक लाख रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मदद करने वाले व्यक्ति को पुलिस या अस्पताल द्वारा अनावश्यक पूछताछ, एफआईआर दर्ज करवाने अथवा गवाह बनने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता। घायल को अस्पताल पहुंचाने के बाद राह-वीर अपनी इच्छा से वहां से जा सकता है।
आरटीओ अमनदीप कौर घुम्मण ने जिले के लोगों से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और दुर्घटना की स्थिति में मानवता का परिचय देते हुए घायलों की मदद के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि समय पर की गई मदद किसी की अनमोल जान बचा सकती है।
