नई दिल्ली:- इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विली वॉल्श ने कहा है कि विमान ईंधन की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के कारण कंपनी को हवाई किराए बढ़ाने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंडिगो की वित्तीय स्थिति मजबूत है और बढ़ते खर्चों से निपटने के लिए कंपनी के पास कई विकल्प हैं। हालांकि, कंपनी ने चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में 1,879.1 करोड़ रुपये का घाटा दर्ज किया है।
अगस्त में पदभार संभालने के बाद अपनी पहली मीडिया बातचीत के दौरान वॉल्श ने कहा कि कंपनी की मजबूत वित्तीय स्थिति उसे अन्य विमानन कंपनियों के मुकाबले अधिक विकल्प उपलब्ध कराती है। उन्होंने कहा कि कंपनी कुछ खर्चों में कटौती कर सकती है, लेकिन उसका लागत ढांचा पहले से ही काफी कुशल है।
सितंबर तिमाही में 1,879 करोड़ रुपये का घाटा
इंडिगो की मूल कंपनी इंटरग्लोब एविएशन को चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में 1,879.1 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। कंपनी की कुल आय पिछले साल की इसी अवधि के 19,599.5 करोड़ रुपये से बढ़कर 24,311.9 करोड़ रुपये हो गई। इसके बावजूद बढ़े हुए खर्चों के कारण कंपनी को मुनाफे के बजाय घाटा दर्ज करना पड़ा।
तिमाही के दौरान कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 26,188.4 करोड़ रुपये हो गया। विमान ईंधन पर खर्च 67.2 प्रतिशत बढ़कर 9,966.8 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। कंपनी ने इसके लिए ईंधन की बेहद ऊंची कीमतों और रुपये की कमजोरी को जिम्मेदार ठहराया।
