करनाल, 8 अक्तूबर: करवाचौथ के पावन व्रत को लेकर शहर में उल्लास और उत्साह का माहौल देखने को मिला। सुहागिन महिलाएं सजने-संवरने में जुटी रहीं, तो वहीं बाजारों में जबरदस्त रौनक रही। पूजन सामग्री, करवा, साड़ी, ज्वेलरी और मेहंदी की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही। महिलाएं पूरे दिन तैयारियों में व्यस्त रहीं और शाम तक हर ओर करवाचौथ की चमक बिखरी नजर आई।
मेहंदी लगाने वाली दुकानों पर महिलाओं की लंबी कतारें देखी गईं। ऐसा लग रहा था जैसे हर कोई अपने पति के लिए सबसे खूबसूरत मेहंदी रचवाने की होड़ में हो। सेवा भारती द्वारा प्रशिक्षित महिलाओं ने जगह-जगह स्टॉल लगाकर मेहंदी लगाई। शहर के प्रमुख बाजारों — मार्किट, कर्णगेट और आसपास के इलाकों — में महिलाओं का तांता लगा रहा।
करवा और कुश की खरीदारी के साथ-साथ डिजाइनर करवे ने भी बाजार में खास जगह बना ली। पारंपरिक करवे के साथ इस बार सिपल और डिजाइनर करवे की भारी मांग रही। वहीं महिलाएं कपड़ों और ज्वेलरी की दुकानों पर भी जमकर खरीदारी करती नजर आईं।
करवाचौथ को लेकर महिलाओं में खास उत्साह देखने को मिला। यह एक ऐसा पर्व है जिसमें महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए व्रत रखती हैं। सुहागिनों के लिए यह दिन बेहद खास होता है, जब वे पूरे स्नेह और समर्पण के साथ सजती-संवरती हैं। मेहंदी रचवाने से लेकर करवा पूजन तक हर रस्म पति के प्रति प्रेम का प्रतीक बन जाती है।
इस बार सुहागिनों को चांद का लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। ज्योतिषाचार्य ए.सी. शर्मा के अनुसार, आज रात 8 बजकर 20 मिनट पर चंद्रमा का दर्शन होगा। चूंकि इस वर्ष करवाचौथ रविवार को पड़ रहा है, इसलिए यह दिन विशेष रूप से शुभ माना जा रहा है। ज्योतिषाचार्य के अनुसार, सूर्यदेव की कृपा से व्रत रखने वाली महिलाओं को विशेष फल प्राप्त होगा।