चंडीगढ़, 9 अक्तूबर:- हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि राजनीति अपने लिए नहीं, बल्कि जनता के हितों और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए की जाती है। हमारा उद्देश्य जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनना, उनकी जरूरतों को समझना और उनका समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते हमारी जिम्मेदारी है कि हम जनता और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु बनें, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और लोगों को अपने छोटे-बड़े कामों के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

स्वास्थ्य मंत्री शुक्रवार को गुरुग्राम के वार्ड 15 में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित कर रही थीं। कार्यक्रम में पटौदी की विधायक बिमला चौधरी और सोहना के विधायक तेजपाल तंवर भी मौजूद थे।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि गुरुग्राम तेजी से विकसित हो रहा शहर है और भविष्य में इसकी आबादी तथा स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरतें और बढ़ेंगी। ऐसे में हमारी प्राथमिकता है कि शहर के विस्तार और लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम सिविल अस्पताल की ड्राइंग का कार्य पूरा हो चुका है। जल्द ही सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद धरातल पर काम शुरू किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि लोगों की मांग के अनुसार स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार करने, चिकित्सा सेवाओं को मजबूत बनाने और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को समय पर सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनता के लिए हमारे दरवाजे हमेशा खुले हैं और जनता का विश्वास, सहयोग तथा उनकी उम्मीदों पर खरा उतरना ही हमारी प्राथमिकता है।

इस अवसर पर आरती सिंह राव ने नगर निगम गुरुग्राम के वार्ड 15 में 22 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन विकास परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया। इनमें सेक्टर-66 में सड़कों का निर्माण, फुटपाथ और साइकिल ट्रैक का विकास तथा सीवरेज पाइपलाइन बिछाना; मैदावास गांव में सम्राट मिहिर भोज चौक से गांव कादरपुर रोड (डीएलएफ 30 मीटर रोड) तक सड़क का आरएमसी एम-40 तकनीक से पुनर्निर्माण, सीवरेज लाइन, बरसाती नाले और फुटपाथ का निर्माण; तथा साउथ सिटी-2 में मौजूदा सड़कों का बीएम और बीसी तकनीक से पुनर्निर्माण शामिल है। इन विकास परियोजनाओं से क्षेत्र में सड़क यातायात बेहतर होने के साथ-साथ नागरिकों को सुचारु आवागमन, बेहतर जल निकासी और आधुनिक शहरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।