चंडीगढ़, 15 नवंबर:- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में दृढ़ संकल्प के साथ काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि विकसित भारत-2047 के विजन के अनुरूप हरियाणा देश का पहला विकसित राज्य बने। उन्होंने कहा कि सरकार जो कहती है, उसे करके भी दिखा रही है। विधानसभा चुनाव के संकल्प-पत्र के 217 संकल्पों में से 76 संकल्प केवल दो वर्षों में पूरे कर दिए गए हैं, जबकि शेष 141 संकल्पों पर तेजी से काम चल रहा है। किसी भी प्रदेश या क्षेत्र का विकास आम आदमी के रोजमर्रा के जीवन में आई सुविधाओं से मापा जाता है। जब घर-आंगन से लेकर गांव की चौपाल तक बदलाव दिखाई देता है, तभी विकास का वादा धरातल पर उतरता है। जनसेवा हमारे लिए केवल प्रशासनिक औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता के प्रति हमारा धर्म है।

मुख्यमंत्री रविवार को जिला कुरुक्षेत्र में नीलधारी गुरुद्वारा पिपली साहिब परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने पिपली, लाडवा और थानेसर क्षेत्र को 44 करोड़ 83 लाख रुपये की छह परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 13 करोड़ 36 लाख रुपये की चार परियोजनाओं का उद्घाटन किया और 31 करोड़ 47.40 लाख रुपये की दो परियोजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने छठ पूजा की शुभकामनाएं भी दीं। इस दौरान सांसद नवीन जिंदल और पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र हमारी संस्कृति, आस्था और जीवन-दर्शन का केंद्र है। इसी धरती से भगवान श्रीकृष्ण ने कर्म, कर्तव्य और लोक कल्याण का संदेश पूरी दुनिया को दिया था। आज की ये परियोजनाएं उसी कर्म-संकल्प को साकार करने का प्रयास हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडवा विधानसभा क्षेत्र के पिपली, बीड़ पिपली और पिपली-लाडवा रोड की कॉलोनियों के लिए 22 करोड़ 47 लाख रुपये की सीवरेज व्यवस्था और 6.50 एमएलडी पंपिंग स्टेशन का शिलान्यास किया गया है। इससे वर्षों पुरानी जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान होगा। उन्होंने कहा कि सेक्टर-28 और जोगना खेड़ा में 12 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से बने 33 केवी के दो सब-स्टेशन शुरू हो गए हैं। इससे बिजली आपूर्ति और मजबूत होगी। मिर्जापुर और दयालपुर में उप-स्वास्थ्य केंद्र भी शुरू किए गए हैं। अब उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और स्वास्थ्य सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि 9 करोड़ रुपये की लागत से केडीबी रोड का नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। धर्मनगरी में आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत अब भविष्य में बनने वाले कुरुक्षेत्र द्वार और उमरी द्वार करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र जिले में विकास और विरासत, दोनों को साथ लेकर चला जा रहा है। लाडवा में 50 बिस्तरों का नागरिक अस्पताल बनाया गया है। लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से बना कुरुक्षेत्र का एलिवेटेड रेलवे ट्रैक जनता को समर्पित किया जा चुका है। रोहतक के बाद यह देश का दूसरा ऐसा ट्रैक है। खेड़ी रामनगर में नर्सिंग कॉलेज बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुरुक्षेत्र में 164 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सिख संग्रहालय की आधारशिला रखी और पांचजन्य की प्रतिकृति का उद्घाटन किया।

उन्होंने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास हुआ है, वे भी विकसित हरियाणा की दिशा में ठोस कदम हैं। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपने क्षेत्र की जरूरतों और निर्माण कार्यों की स्थिति प्रशासन तक पहुंचाते रहें, ताकि हर समस्या का समय पर समाधान हो सके। पिपली, लाडवा, थानेसर और पूरे कुरुक्षेत्र के नागरिकों को भरोसा दिलाते हुए उन्होंने कहा कि विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे। हम सब मिलकर ऐसा कुरुक्षेत्र बनाएंगे जहां आधुनिक सुविधाएं भी हों और हमारी सांस्कृतिक पहचान पहले से अधिक मजबूत हो।


वर्ष 2035 तक विकसित भारत के लक्ष्य के तहत विकसित राज्य बनकर उभरेगा हरियाणा: नवीन जिंदल

सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश का विकास तेजी से हो रहा है। इसी गति से प्रदेश वर्ष 2035 तक विकसित भारत के लक्ष्य के तहत विकसित राज्य बनकर उभरेगा और दूसरे प्रदेश हरियाणा से प्रेरणा लेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हर वर्ग के विकास के लिए योजनाएं लाकर उन्हें धरातल पर लागू कर रहे हैं। आज प्रदेश का हर वर्ग खुशहाल है और हरियाणा लगातार विकसित प्रदेश के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।


मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में दस गुना गति से हो रहे हैं विकास कार्य: सुभाष सुधा

पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पिपली विकास के क्षेत्र में चमक रहा है। प्रदेश में दस गुना गति से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 25 नवंबर को उमरी में संत शिरोमणि रविदास यात्रा पहुंचेगी। उमरी में इस यात्रा का सबसे भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।