हांसी (दिनकर गावड़ी):- हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने कहा कि महिलाओं और बेटियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न अथवा असुरक्षा की स्थिति में चुप रहने के बजाय बेझिझक अपनी आवाज उठानी चाहिए। महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान तथा आत्मविश्वास सुनिश्चित करना समाज और संस्थानों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उपाध्यक्ष मीना परमार हांसी के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा एसडी मॉडर्न पब्लिक स्कूल में छात्राओं के साथ संवाद के दौरान जागरूकता संदेश दे रही थीं।

उन्होंने छात्राओं को बताया कि यदि उनके साथ किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटित होती है अथवा उन्हें उत्पीड़न, दुर्व्यवहार या असुरक्षा का सामना करना पड़ता है, तो वे अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन अथवा पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करा सकती हैं। संबंधित पुलिस अधिकारियों का दायित्व है कि शिकायत को स्वीकार कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में डर, दबाव अथवा संकोच के कारण अपनी समस्या को छिपाना नहीं चाहिए।

माता-पिता और शिक्षकों से खुलकर साझा करें अपनी समस्याएं

हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने छात्राओं से कहा कि यदि वे किसी समस्या के कारण पुलिस स्टेशन जाने में असहज महसूस करती हैं, तो पहले अपने माता-पिता, परिवार के भरोसेमंद सदस्यों अथवा शिक्षकों से खुलकर बातचीत करें। समय रहते समस्या साझा करने से उचित मार्गदर्शन और सहायता प्राप्त हो सकती है। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने, अपने अधिकारों को समझने और शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

महिला आयोग से सीधे संपर्क कर सकती हैं महिलाएं और बेटियां

हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने कहा कि घर, कार्यस्थल, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय अथवा सार्वजनिक स्थान पर किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या परेशानी का सामना करने वाली महिला आयोग से सीधे संपर्क कर अपनी शिकायत साझा कर सकती है। आयोग महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान तथा न्याय सुनिश्चित करने के लिए तत्पर है।

बेटों को भी महिलाओं के सम्मान और अच्छे व्यवहार की सीख दें अभिभावक

मीना परमार ने कहा कि बेटियों को अच्छे संस्कार, व्यवहार और आत्मविश्वास की सीख देने के साथ-साथ बेटों को भी महिलाओं के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता, मर्यादा और जिम्मेदारी का भाव सिखाना बेहद जरूरी है। बच्चों के व्यवहार और संस्कारों की नींव परिवार से ही तैयार होती है, इसलिए अभिभावकों को बेटों और बेटियों दोनों के मार्गदर्शन पर समान ध्यान देना चाहिए। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक सोच अपनाने और समाज में सम्मानजनक व्यवहार की संस्कृति विकसित करने का आह्वान किया।

महिला सुरक्षा के लिए प्रदेश में स्थापित 33 महिला थानों, वन स्टॉप सेंटर तथा आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि जरूरतमंद और संकटग्रस्त महिलाएं उपलब्ध सहायता व्यवस्थाओं का लाभ उठा सकती हैं। वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से महिलाओं को एक ही स्थान पर सहायता, परामर्श, कानूनी सहयोग तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था है।

इस अवसर पर तहसीलदार अनिल कुमार बिढान, खंड शिक्षा अधिकारी सुनील शर्मा, विद्यालय की प्राचार्या पूर्णिमा गुप्ता तथा रितु सिंह सहित स्कूल स्टाफ तथा संबंधित विभागों के अधिकारी व छात्राएँ उपस्थित रहीं।