चंडीगढ़, 9 अक्तूबर:- हरियाणा में विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित और सम्मानित करने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग ने वर्ष 2026-27 के राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक एवं पात्र आवेदक 5 नवंबर, 2026 तक वेबसाइट [onlinemis.wcdhry.gov.in/gaurav](http://onlinemis.wcdhry.gov.in/gaurav) के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं।

एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि विभिन्न श्रेणियों में दिए जाने वाले प्रमुख पुरस्कारों में 5 लाख रुपये, प्रशस्ति पत्र और शॉल के साथ ‘श्रीमती सुषमा स्वराज पुरस्कार’; 1.50 लाख रुपये और प्रशस्ति पत्र के साथ ‘इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार’; 1 लाख रुपये और प्रशस्ति पत्र के साथ ‘कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार’; तथा 1 लाख रुपये और प्रशस्ति पत्र के साथ ‘बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार’ शामिल हैं।

इसके अलावा, सरकारी कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता और महिला उद्यमी श्रेणियों में विजेताओं को 21 हजार रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति पत्र और शॉल प्रदान किए जाएंगे।

प्रवक्ता ने आगे बताया कि जिला स्तर पर प्राप्त सभी आवेदनों की जांच जिला स्तरीय सिफारिश समिति द्वारा की जाएगी। समिति द्वारा अनुशंसित पात्र मामलों का आवश्यक सत्यापन और पुलिस सत्यापन करवाने के बाद उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर मुख्यालय भेजा जाएगा।

आम जनता से अपील की गई है कि वह विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली पात्र महिलाओं तथा संबंधित श्रेणियों के योग्य व्यक्तियों तक इस योजना की जानकारी पहुंचाए और उन्हें निर्धारित समय के भीतर आवेदन करने के लिए प्रेरित करे। योजना से संबंधित किसी भी अन्य जानकारी के लिए संबंधित जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।