हांसी (दिनकर गावड़ी):-पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार की अध्यक्षता में आज जिला सभागार, हांसी में अपराध समीक्षा एवं कानून व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी एसएचओ, एसओ, पुलिस चौकी प्रभारियों, अपराध जांच इकाइयों तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान जिले में अपराध की तुलनात्मक स्थिति, लंबित अन्वेषणाधीन मामलों (यूआई केस), एक वर्ष एवं दो वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों तथा छह माह से अधिक समय से लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटारा किया जाए तथा अनावश्यक रूप से किसी भी मामले को लंबित न रखा जाए।
इसके अतिरिक्त एनसीआईएल मामलों, 60 एवं 90 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों, लंबित शिकायतों तथा स्थानीय एवं विशेष कानूनों के तहत दर्ज मामलों में बरामदगी की स्थिति की समीक्षा की गई। पीओ, बेल जंपर, पैरोल जंपर, मोस्ट वांटेड अपराधियों, इनामी अपराधियों एवं हिस्ट्रीशीटरों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नशीले पदार्थों एवं अन्य विशेष कानूनों से संबंधित मामलों तथा साइबर अपराधों की स्थिति पर भी चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि इस प्रकार के अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संबंधित इकाइयां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखें।
इसके साथ ही लापता व्यक्तियों, अज्ञात एवं पहचान किए गए शवों, अनट्रेस एवं कैंसिलेशन मामलों, इंक्वेस्ट रिपोर्ट, विशेष रिपोर्ट श्रेणी के मामलों में लंबित आईएसआर/सीएसआर तथा गिरफ्तारी के आधारों की उचित रिकॉर्डिंग एवं कानूनी प्रावधानों के अनुपालन की समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कर्मचारियों की न्यायालयों में समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने, विशेषकर एनडीपीएस एक्ट के मामलों में पुलिस गवाहों की प्रभावी गवाही करवाने तथा जांच प्रक्रिया को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
बैठक में NATGRID, FRS, ICJS, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना एवं सुचारू संचालन, अभेद्य ऐप की स्थापना एवं प्रभावी उपयोग तथा आरजेएसएफएच यूनिट के कार्यों और अपराधियों के सत्यापन की भी समीक्षा की गई।
इसके अलावा सड़क सुरक्षा उपायों, यातायात व्यवस्था, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा बीट स्तर पर पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के लिए एक वर्षीय कार्ययोजना पर चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नियमित गश्त, नाकाबंदी, पीसीआर, राइडर एवं ईआरवी के माध्यम से प्रभावी निगरानी रखें तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र एवं शाखाओं से संबंधित अपराध आंकड़ों और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करें। कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर अंकुश लगाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता से कार्य करें।
