हांसी (दिनकर गावड़ी):- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के राखीगढ़ी स्थित ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थल के प्रस्तावित दौरे को लेकर हांसी पुलिस पूरी तरह सतर्क है। दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने और सभी ड्यूटियों को प्रभावी ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से हांसी पुलिस द्वारा सुरक्षा ड्यूटियों की रिहर्सल की गई। हांसी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने स्वयं मौके पर पहुंचकर सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

रिहर्सल के दौरान मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए पुलिस ड्यूटियों, यातायात प्रबंधन, वाहनों की पार्किंग, निर्धारित रूट प्लान और हेलीपैड पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा प्रबंध निर्धारित योजना के अनुसार सुनिश्चित किए जाएं और प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी ड्यूटी तथा जिम्मेदारियों के प्रति पूरी तरह सजग रहें।

एसपी विनोद कुमार ने कहा कि वीवीआईपी दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में आपसी तालमेल, सतर्कता और समयबद्ध तैयारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जाए, निर्धारित रूट प्लान का प्रभावी ढंग से पालन करवाया जाए तथा पार्किंग व्यवस्था इस प्रकार सुनिश्चित की जाए कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पुलिस अधीक्षक ने हेलीपैड एवं कार्यक्रम स्थल से संबंधित व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े प्रत्येक पहलू की बारीकी से जांच सुनिश्चित करें। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी मुस्तैदी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान एसपी विनोद कुमार ने राखीगढ़ी के ऐतिहासिक किले का भी दौरा किया और प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। हांसी पुलिस द्वारा मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।