हांसी (दिनकर गावड़ी):- हांसी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशों में नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत सीआईए-2 हांसी की टीम ने नई ऑटो मार्केट हांसी स्थित झुग्गियों के पीछे से एक महिला को 500 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया है।

उप निरीक्षक सोमवीर ने जानकारी दी कि सीआईए-2 हांसी के एएसआई सुशील कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ गश्त और अपराधों की रोकथाम के लिए बस अड्डा हांसी के नजदीक मौजूद थे। इसी दौरान टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक महिला ऑटो मार्केट हांसी की झुग्गियों में गांजा बेचने का काम करती है और इस समय नई ऑटो मार्केट स्थित झुग्गियों के पीछे गांजा बेचने की फिराक में खड़ी है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर बताए गए हुलिये की महिला को काबू कर लिया।

महिला पुलिस कर्मचारी द्वारा नियमानुसार तलाशी लेने पर महिला के हाथ में पकड़ी काले रंग की पॉलीथिन से गांजा बरामद हुआ। पॉलीथिन सहित गांजे का वजन करने पर कुल वजन 500 ग्राम पाया गया। पुलिस टीम ने नियमानुसार नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर सील किया तथा आवश्यक कार्रवाई पूरी की।

इस संबंध में आरोपी महिला के खिलाफ थाना शहर हांसी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगामी जांच जारी है और पुलिस नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।