होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- गांवों को बेहतर सड़क संपर्क और आधुनिक बुनियादी सुविधाओं से जोड़ना पंजाब सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और मैं अपने विधानसभा क्षेत्र में बेहतर सड़कों के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रहा हूं। ये विचार चब्बेवाल के विधायक डॉ. इशांक कुमार ने व्यक्त किए। इसी दिशा में भाम से जांगलियाणा, मोतियां और माखनगढ़ होते हुए बाहोवाल तक बनाई जा रही 18 फुट चौड़ी कंक्रीट (सीसी) सड़क का उद्घाटन विधायक डॉ. इशांक कुमार ने गांव जांगलियाणा में किया। लगभग 10.5 किलोमीटर लंबी इस 18 फुट चौड़ी कंक्रीट सड़क पर करीब 8 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और आपसी संपर्क भी मजबूत होगा।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए डॉ. इशांक कुमार ने कहा कि गांवों में सड़कों, सीवरेज, गलियों-नालियों और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास करना उनकी मुख्य प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं होतीं, बल्कि ये गांवों की तरक्की, व्यापार और लोगों के दैनिक जीवन को भी आसान बनाती हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विधानसभा क्षेत्र के हर गांव की जरूरतों के अनुसार विकास कार्य करवाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

विधायक ने बताया कि इस सड़क के अलावा भी जांगलियाणा को आसपास के गांवों से जोड़ने वाली कई अन्य सड़कों के कार्य करवाए गए हैं। गोंदपुर से जांगलियाणा तक 2.38 किलोमीटर सड़क पर 46.27 लाख रुपये, सरहाला कलां से जांगलियाणा तक 1.50 किलोमीटर सड़क पर 38.60 लाख रुपये, जांगलियाणा की एक किलोमीटर लंबी फिरनी पर 70.54 लाख रुपये और रसूलपुर से जांगलियाणा तक 600 मीटर सड़क पर 12.34 लाख रुपये खर्च करके कार्य पूरे करवाए गए हैं। जांगलियाणा से बलीम तक 1.85 किलोमीटर सड़क का कार्य भी जारी है, जिस पर अभी तारकोल की परत बिछाई जानी बाकी है। इसके अलावा भाम-जांगलियाणा सड़क से बाजीगर बस्ती तक सड़क का कार्य भी बाकी है, जिसके लिए 7.94 लाख रुपये की ग्रांट मंजूर हो चुकी है।

सड़कों के साथ-साथ अन्य विकास कार्यों के लिए भी पंचायत को ग्रांट दी गई है। इनमें गंदे पानी की निकासी के लिए सीवरेज कार्य पर 7.50 लाख रुपये, रविदास धर्मशाला के निर्माण पर 5 लाख रुपये तथा गलियों और नालियों के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये जारी किए गए हैं। इन कार्यों का आधा हिस्सा पूरा हो चुका है और शेष निर्माण कार्य प्रगति पर है। गांव के खेल मैदान/स्टेडियम के लिए 5 लाख रुपये और जिम के लिए 2 लाख रुपये की ग्रांट भी मंजूर की गई है।

इस अवसर पर सरपंच मनजीत कौर, सतनाम सिंह, महिंदर सिंह, दर्शन सिंह, बलदेव सिंह, गुरदीप सिंह, लहंबर सिंह पंच, कुलजीत सिंह पंच, ओंकार सिंह पंच, गांव ठक्करवाल के सरपंच जसविंदर सिंह, रसूलपुर के सरपंच अमरजीत सिंह, गोपालियां के सरपंच नरिंदर सिंह, मरूला के सरपंच बलबीर सिंह, सुभानपुर की सरपंच गुरदयाल कौर, माखनगढ़ की सरपंच कमलजीत कौर, भाम के सरपंच परविंदर सिंह, रौंकी राम, ब्लॉक समिति चेयरमैन रंजीत कौर, गोपी भाम, गोपालियां की सरपंच सुरिंदर कौर, कुक्कड़ां के सरपंच कुलवरण सिंह, रंजीत और गांव के अन्य निवासी उपस्थित थे।