हांसी (दिनकर गावड़ी):- गुरुद्वारा बाबा बंदा सिंह बहादुर प्रबंधक कमेटी, सब्जी मंडी हांसी द्वारा गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है। गुरुद्वारा साहिब के सचिव सतवंत सिंह घई ने बताया कि कार्यक्रम रविवार सुबह 9 बजे श्री अखंड पाठ साहिब के साथ शुरू होगा। इसके बाद सुबह 11 बजे गुरुद्वारा साहिब से विशाल नगर कीर्तन निकाला जाएगा। नगर कीर्तन की अगुवाई पांच प्यारों द्वारा की जाएगी और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की सुंदर पालकी बस में सुशोभित होकर नगर भ्रमण करेगी।

इस दौरान तेग खालसा गतका अखाड़ा बीघड़ की खालसा फौज गुरु साहिब द्वारा सिखलाई गई शस्त्र विद्या का प्रदर्शन करेगी। बाबा बंदा बहादुर स्कूल के छोटे-छोटे बच्चे शब्द कीर्तन गायन कर नगर कीर्तन की शोभा बढ़ाएंगे। पूरे मार्ग में संगत गुरु नानक देव जी द्वारा दिखाए गए मार्ग और उनकी शिक्षाओं पर आधारित शब्द कीर्तन का गुणगान करेगी।

यह नगर कीर्तन पुरानी सब्जी मंडी गुरुद्वारा से शुरू होकर भगत सिंह रोड, पुराना बस स्टैंड, बड़सी गेट चौक, उमरा गेट चौक, छाबड़ा चौक, प्रताप बाजार, बजरिया चौक, मक्कड़ कोठी, धौला कुआं, चार कुतुब गेट, तिकोना पार्क, नहर कोठी रोड, दुर्गा कॉलोनी रोड, सैनिक स्कूल, मेन रोड रूप नगर कॉलोनी, निरंकारी भवन मोड़, सुभाष नगर बैंक कॉलोनी मध्य रोड और शहीद भगत सिंह पार्क से होते हुए वापस गुरुद्वारा साहिब पहुंचेगा।

सभी सेवाएं बाबा बंदा सिंह बहादुर युवा सेवा दल द्वारा निभाई जाएंगी। इस पावन अवसर पर बाबा बंदा सिंह बहादुर सिख संप्रदाय भारत के संरक्षक बाबा जतिंद्र पाल सिंह सोढ़ी रियासी (जम्मू-कश्मीर) से पहुंचकर गुरु साहिब को शीश नवाएंगे। उनके साथ विधायक विनोद भयाना भी संगत के दर्शन करेंगे।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चेयरमैन दिनेश धवन, प्रधान सुभाष गिरधर, महासचिव राम प्रकाश परूथी, कैशियर मुनीश पाहवा, रविंद्र खुराना बब्बल, पुनीत सचदेवा और मनोज जुनेजा ने सभी गुरु नानक नाम लेवा संगतों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की।