हरियाणा/हिसार:- आकाशवाणी प्रसारण के गौरवमयी 90 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज आकाशवाणी हिसार द्वारा एक भव्य 'मेगा मैराथन' का आयोजन किया गया। गौरतलब है कि वर्ष 1936 में स्थापित हुई आकाशवाणी के 90 साल पूरे होने पर इस वर्ष देश भर के विभिन्न केंद्रों द्वारा देश के विकास में आकाशवाणी के अभूतपूर्व योगदान को प्रदर्शित करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में हिसार केंद्र द्वारा इस दौड़ का आयोजन किया गया।
इस मेगा मैराथन को मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे हरियाणा के कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने हरी झंडी (Flag Off) दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री ने कहा, "आकाशवाणी दशकों से देश की आवाज बनी हुई है। समाज को स्वस्थ संस्कार, मनोरंजन और सटीक सूचनाएं देने में आकाशवाणी की कोई बराबरी नहीं है। देश के विकास और जन-जागरूकता में इसका योगदान अतुलनीय है।"
*पर्यावरण, स्वास्थ्य और मनोरंजन का अनूठा संगम*
इस मैराथन में युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित 300 से अधिक प्रतिभागियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। मैराथन को सफल बनाने में 'हिसार रोडीज' तथा 'हमारा प्यार हिसार' संस्थाओं ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया और दौड़ के माध्यम से आमजन को पर्यावरण संरक्षण और बेहतर स्वास्थ्य का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. संदीप कालियाना की मेडिकल टीम द्वारा एक मुफ्त चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जांच शिविर (Free Medical Camp) भी लगाया गया, जहां प्रतिभागियों और नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच की गई। दौड़ शुरू होने से पहले और बाद में सभी प्रतिभागियों ने एरोबिक्स और जुम्बा डांस का जमकर आनंद लिया, जिसने पूरे माहौल को ऊर्जा से भर दिया।
विजेताओं का सम्मान और आभार
मैराथन के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. नरसी राम बिश्नोई उपस्थित रहे। उन्होंने दौड़ में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विजेता धावकों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आकाशवाणी हिसार के निदेशक श्री पवन कुमार ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए मुख्य अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं और सभी प्रतिभागियों का सहृदय धन्यवाद किया। इस भव्य कार्यक्रम के दौरान आकाशवाणी से सुनीता रानी, दीपक हुड्डा सहित केंद्र के सभी प्रस्तोता (Presenters) और स्टाफ सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।