करनाल, 30 जुलाई:- सावन मास के पावन अवसर पर श्री गणेश मंदिर, नर्सी विलेज, सेक्टर-32 में बुधवार को सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। कथा वाचक पंडित रवि शास्त्री जी (वृंदावन धाम) शिव महापुराण कथा का अमृतमय श्रवण कराने के लिए पधारे हैं।
कथा के प्रथम दिवस बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया तथा शिव महापुराण कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति प्राप्त की।
वक्ताओं ने कहा कि शिव महापुराण केवल एक धार्मिक ग्रंथ ही नहीं, बल्कि जीवन को सत्य, धर्म, सेवा, करुणा, संयम और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाला दिव्य ज्ञान का स्रोत है। इसके श्रद्धापूर्वक श्रवण से मन को शांति, आत्मबल एवं सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सावन मास में शिव महापुराण कथा का श्रवण विशेष पुण्यदायी माना जाता है। इससे भगवान शिव की कृपा प्राप्त होती है तथा परिवार में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और मंगलमय वातावरण का संचार होता है।
मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह पावन कथा 30 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन आयोजित की जाएगी। कथा का समय प्रतिदिन सायं 3:30 बजे से 6:30 बजे तक रहेगा। समिति ने समस्त क्षेत्रवासियों एवं शिवभक्तों से परिवार सहित कथा में उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है।
