मोहाली:- माता-पिता गौधाम महातीर्थ, बनूड़-अंबाला रोड स्थित गांव खल्लौर, जिला मोहाली की ओर से गोपाष्टमी के पावन अवसर पर मंगलवार को भव्य गोपाष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर गौ सेवा, माता-पिता के सम्मान तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

महोत्सव का मुख्य आकर्षण 1,008 देसी घी के दीपों से गौमाता की दिव्य एवं भव्य आरती होगी। इस आयोजन में संत-महात्माओं, धार्मिक और सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर संत श्री त्रिलोचन दास जी महाराज, योग मनीषी आचार्य श्री विवेक मुनि जी महाराज और डॉ. श्री सरिता जी सहित कई संत-महात्माओं का सान्निध्य एवं मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

महोत्सव में विशेष अतिथियों के रूप में फिल्म निर्माता विनोद बच्चन, बॉलीवुड संगीत निर्देशक उस्मान खान, पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ छात्र संघ के अध्यक्ष अंकित बिधान और सोशल सर्विस एम्बेसडर कु. सियाज पुनिया भी शामिल होंगे। इस अवसर पर अखिल भारतीय गौ कथा वाचक श्री चंद्रकांत जी और प्रसिद्ध भजन गायक श्री हित शरण सिद्धू भैया विशेष भजन प्रस्तुत करेंगे।

17 नवंबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक लगातार जलपान की व्यवस्था रहेगी। दोपहर 2:30 बजे से शाम 4 बजे तक हवन, दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक भजन-कीर्तन, शाम 7 बजे गौमाता की भव्य आरती और शाम 7:30 बजे से प्रभु की इच्छा तक भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

माता-पिता गौधाम महातीर्थ के संस्थापक गौचर दास ज्ञान ने कहा कि माता-पिता और गौमाता इस धरती पर स्वयं परमात्मा के साकार प्रतिनिधि हैं। उनकी सेवा करना केवल हमारा कर्तव्य ही नहीं, बल्कि हमारा सौभाग्य भी है। उन्होंने कहा कि समाज में माता-पिता के सम्मान और गौमाता के प्रति प्रेम की भावना जितनी मजबूत होगी, समाज उतना ही भारतीय संस्कृति और उसके मूल्यों से जुड़ा रहेगा।

यह आयोजन गौ सेवा, माता-पिता के सम्मान और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को समर्पित एक भव्य आध्यात्मिक एवं धार्मिक उत्सव होगा।