होशियारपुर, 11 नवंबर:- पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद अविनाश राय खन्ना ने पंजाब रोडवेज और पनबस के ठेका कर्मचारियों द्वारा अपनी मांगों को लेकर की जा रही तीन दिवसीय हड़ताल पर चिंता व्यक्त करते हुए भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार से कर्मचारियों की जायज मांगों को तुरंत स्वीकार करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारी किसी भी राज्य के प्रशासन की रीढ़ की हड्डी होते हैं। उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज करना और उन्हें बार-बार संघर्ष करने के लिए मजबूर करना सरकार की प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है। भगवंत मान सरकार ने सत्ता में आने से पहले कर्मचारियों से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज कर्मचारियों को बार-बार अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर होना पड़ रहा है। 'आप' सरकार हर बार कर्मचारी संगठनों के साथ बैठकों में मांगें मानने के वादे तो कर लेती है, लेकिन उन्हें लागू नहीं किया जाता। सरकार को अपना अहंकार छोड़कर कर्मचारी संगठनों के साथ तुरंत बातचीत करनी चाहिए और उनकी मांगों का समयबद्ध समाधान निकालना चाहिए।

खन्ना ने कहा कि रोडवेज और पनबस की हड़ताल का सबसे अधिक खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ता है। विद्यार्थियों, कर्मचारियों, मरीजों, बुजुर्गों और रोजाना सफर करने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सरकार की लापरवाही के कारण सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था प्रभावित होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। लोगों को हड़तालों और कर्मचारियों को संघर्षों से बचाना ही सरकार की एक बड़ी जिम्मेदारी है।