हांसी:–मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को हांसी शहर,अनीपुरा, गढ़ी, मेहंदा व जीतपुरा का दौरा कर वहां भारी बरसात से पैदा हुए हालात का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को लेकर उनसे विचार विमर्श किया। उन्होंने गांव मेहंदा व ढाणी मेहंदा के लिए 21/21 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की ।
उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों से प्राथमिकता के आधार पर जलनिकासी की व्यवस्था की जाए ताकि लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सक्रिय रहने और चौकसी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत करते हुए कहा कि हर प्रभावित व्यक्ति तक मदद पहुंचाने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को भोजन, दवा या आश्रय की कमी नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों की फसलों में हुए नुकसान की जानकारी लेते हुए कहा कि फसलों को हुए नुकसान का आंकलन करवाकर उचित मुआवजा दिया जाएगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि भारी बारिश से हुए नुकसान की भरपाई सरकार प्राथमिकता से करेगी। किसानों को राहत पहुंचाने के लिए ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल शुरू किया गया है, जिस पर वे अपनी खराब फसल का विवरण दर्ज कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों के मकान बारिश से क्षतिग्रस्त हुई हैं, उन्हें भी तुरंत प्रभाव से राहत दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सरकार किसानों, मजदूरों और ग्रामीण परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कई जगह काफिला रुकवा कर लोगों से बातचीत की और उनकी हर समस्या का समाधान को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए ।
उन्होंने लोगों से जलभराव की स्थिति और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने उपायुक्त को निर्देश दिए कि मौजूदा ड्रेन व्यवस्था के अलावा वैकल्पिक उपाय तुरंत किए जाएं ताकि जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान निकले।
कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा तथा विधायक विनोद भयाना ने संकट की इस घड़ी में लोगों के बीच पहुंचकर और उनकी बात सुनने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जिले के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी तरह की लापरवाही न हो और हर संभव प्रयास से ग्रामीणों को राहत मिले।
मुख्यमंत्री ने जीतपुरा गांव के लोगों की समस्याओं को सुनते हुए कहा कि बास मल्टी पर्पज चैनल की चौड़ाई को बढ़ाया जाएगा ताकि लोगों को भविष्य में परेशानी नहीं हो। विधायक विनोद भयाना ने क्षेत्र में जल भराव की स्थिति तथा जल निकासी पर प्रबंधो की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए की ड्रेनो में अगर कहीं भी रुकावट है तो उसे तुरंत दुरुस्त करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के मंत्री, विधायक तथा अधिकारी शीघ्र जल निकासी कार्य में जुटे हुए हैं। हम सब मिलकर लोगों के सहयोग से इन विपरीत परिस्थितियों से निपटा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आबादी क्षेत्रों से प्राथमिकता की आधार पर पानी निकासी करवाए, इसके साथ-साथ खेतों से भी पानी निकासी का कार्य निरंतर करते रहे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, हांसी विधायक विनोद भयाणा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, पूर्व मंत्री अनूप धानक, मंडल आयुक्त अशोक कुमार गर्ग, उपायुक्त अनीश यादव, पुलिस अधीक्षक हांसी अमित यशवर्धन,ज़िला परिषद चेयरमैन सोनू सिहाग डाटा, पूर्व सांसद डीपी वत्स, सुनीता दुग्गल, जवाहर सैनी, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, हांसी एसडीएम राजेश खोथ, भाजपा नेता राजपाल यादव, ब्लॉक समिति हांसी के चेयरमैन प्रतिनिधि सुभाष यादव,रणधीर धीरू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
विपरीत मौसमी हालात में सरकार आपके साथ, हर परिवार तक पहुंचेगी मदद : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
