मुल्लांपुर (साहिबजादा अजीत सिंह नगर), 18 नवंबर:- क्षेत्र के गांवों के लोगों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से पंजाब यूथ डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन परमिंदर सिंह गोल्डी ने मुल्लांपुर गरीबदास से खरड़ और आसपास के गांवों को जोड़ने वाली नई पीआरटीसी मिनी बस सेवा शुरू की। इस बस सेवा से कई गांवों के निवासियों, विद्यार्थियों और रोजाना कामकाज के लिए आने-जाने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
बस सेवा के शुभारंभ के अवसर पर परमिंदर सिंह गोल्डी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का दिल से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गांवों को छोटे-छोटे बस रूटों के माध्यम से जोड़कर ग्रामीण परिवारों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध करवाने का प्रयास अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा, पीआरटीसी के चेयरमैन हरपाल जनेजा, पीआरटीसी की एमडी जसनप्रीत कौर गिल, जनरल मैनेजर अमनवीर सिंह टवाणा तथा विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का भी धन्यवाद किया, जिनके प्रयासों से इस रूट की योजना तैयार करके बस सेवा शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि बस सुबह 7:30 बजे मुल्लांपुर गरीबदास से रवाना होकर लगभग 9 बजे खरड़ पहुंचेगी। यह बस रतवाड़ा साहिब, सैनी माजरा, रानी माजरा, पलहेड़ी, रुड़की, तियूड़, जकड़ माजरा, हलालपुर, जंडपुर, खरड़ झुंगियां और दशमेश नगर सहित विभिन्न गांवों और इलाकों से होकर खरड़ बस अड्डे तक पहुंचेगी। इस रूट पर दिनभर आने-जाने के तीन चक्कर लगाए जाएंगे और शाम लगभग 5:30 बजे बस सेवा समाप्त होगी। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में खरड़ विधानसभा क्षेत्र में और बस सेवाएं शुरू करने की योजना है, जिससे अन्य गांवों को भी बस सुविधा से जोड़ा जाएगा।
इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख लोगों में जसविंदर सिंह जस्सा, जसपाल सिंह मुल्लांपुर, सतविंदर सिंह सौंक, दलवाग सिंह, तेजवीर सिंह सरपंच फतेह रुड़की, जतिंदर सिंह सरपंच, बलजिंदर सिंह ब्लॉक समिति सदस्य, जुुझार सिंह सरपंच, गुरमेल सिंह सरपंच सुखी माजरी, गुरशरण सिंह तथा कई अन्य नेता और गणमान्य व्यक्ति विशेष रूप से उपस्थित रहे।
