करनाल, 17 मार्च- भारत की पहली महिला अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष परी कल्पना चावला की जयंती पर सर्व कल्याण मंच करनाल की ओर से उन्हें श्रद्धापूर्वक याद करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व मंच के करनाल जिलाध्यक्ष रणदीप सिंह ने किया। इस अवसर पर मंच से जुड़े दिनेश आर्य, गुलशन राणा, बंसी फौजी, कोच रामेश्वर, विजय राणा, कोच शिवा, सोहन लाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और खिलाड़ी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कल्पना चावला को नमन करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सर्व कल्याण मंच करनाल के जिलाध्यक्ष रणदीप सिंह सालवन ने कहा कि कल्पना चावला केवल एक नाम नहीं, बल्कि हर उस युवा के सपनों की उड़ान हैं, जो सीमाओं को पार कर कुछ बड़ा करने का हौसला रखते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की इस बेटी ने अंतरिक्ष में पहुंचकर पूरे देश का गौरव बढ़ाया और यह साबित कर दिया कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि कल्पना चावला का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत है। उनका संघर्ष, उनकी उपलब्धियां और देश के प्रति समर्पण आज भी युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलकर अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने का प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया और कहा कि ऐसी महान विभूतियों की स्मृति को संजोकर रखना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस दौरान समाजसेवी रणदीप सिंह सालवन ने कहा कि सर्व कल्याण मंच द्वारा कार्यक्रम करने का उद्देश्य युवाओं को महान हस्तियों के बारे में अवगत कराना है। ताकि वह उनसे प्रेरणा लेकर उनकी बातों को अपने जीवन में धारण कर सकें।
सपनों को उड़ान देकर अंतरिक्ष परी कल्पना चावला ने दुनिया में रोशन किया भारत देश का नाम रणदीप सिंह
