करनाल, 23 नवंबर (प्रवीण वालिया):- डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि जिले के सभी सरकारी स्कूलों का प्रथम और द्वितीय श्रेणी के अधिकारी निरीक्षण करेंगे और वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। इस कार्य के लिए सभी अधिकारियों को स्कूल आवंटित कर दिए गए हैं। आगामी एक से दो सप्ताह में सभी स्कूलों का निरीक्षण पूरा करवा दिया जाएगा और इसकी रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जाएगी।

डीसी आज जिला सचिवालय के सभागार में अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले प्रदेश में स्कूलों के निरीक्षण को लेकर मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जिला उपायुक्तों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जिलों में तैनात प्रथम और द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों से स्कूलों का निरीक्षण करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने इस कार्य को गंभीरता से लेने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार सभी बार रूम में महिला अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था की जाए। जहां शौचालय उपलब्ध नहीं हैं, वहां इनका निर्माण करवाना सुनिश्चित किया जाए और इसकी रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जाए।

वीडियो कॉन्फ्रेंस में डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि जिले में कुल 775 सरकारी स्कूल हैं, जिन्हें निरीक्षण के लिए प्रथम और द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों को आवंटित कर दिया गया है। इस संबंध में अधिकारियों की बैठक भी ली गई है और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले के सभी स्कूलों का निरीक्षण संबंधित अधिकारियों से करवाने के बाद उनसे रिपोर्ट प्राप्त की जाएगी।

इस अवसर पर एडीसी राहुल रैया और सीटीएम सुरेश कुमार भी मौजूद रहे।