अंबाला, 14 नवंबर (आर. सिंह):- अंबाला शहर की शुक्लकुंड रोड स्थित प्रमुख व्यावसायिक केंद्र दशमेश मार्केट में चोरों द्वारा दुकानों के शटर तोड़कर लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दिए जाने से परेशान दुकानदारों ने आज जनरल मर्चेंट एसोसिएशन के प्रधान लक्की जुनेजा और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता राम रतन के नेतृत्व में अंबाला के पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत से मुलाकात की और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की।
व्यापारियों ने स्पष्ट रूप से मांग की कि भविष्य में चोरी की घटनाओं को प्रभावी ढंग से रोकने के लिए बाजार क्षेत्र में रात की पुलिस गश्त अनिवार्य और सख्त की जाए। उनका कहना था कि हाल के समय में कॉस्मेटिक मार्केट और आसपास के क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों में काफी वृद्धि हुई है। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोर लगातार दुकानों में घुसने या सामान चोरी करने की फिराक में रहते हैं। इन घटनाओं के कारण कई दुकानदारों को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।
बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद चोरों को पुलिस का कोई डर नजर नहीं आता। इस गंभीर समस्या को लेकर जनरल मर्चेंट एसोसिएशन के प्रधान लक्की जुनेजा और भाजपा के सामाजिक कार्यकर्ता राम रतन ने पुलिस अधीक्षक को एक मांगपत्र सौंपा, जिसमें क्षेत्र की जमीनी हकीकत का विवरण दिया गया।
उन्होंने बताया कि कॉस्मेटिक मार्केट शहर का एक अत्यंत व्यस्त क्षेत्र है, जहां दुकानों में लाखों रुपये का सामान रखा जाता है। रात के समय नियमित पुलिस गश्त की कमी के कारण चोरों के हौसले बुलंद हो जाते हैं। उन्होंने मांग की कि रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक बाजार के सभी प्रवेश और निकास मार्गों पर पुलिस पीसीआर वाहन और मोटरसाइकिल सवार पुलिसकर्मी तैनात किए जाएं तथा संदिग्ध व्यक्तियों से सख्ती से पूछताछ की जाए।
दोनों प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि पुलिस प्रशासन व्यापारियों की इस जायज मांग का तुरंत समाधान करेगा। पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल की बात ध्यानपूर्वक सुनी और भरोसा दिलाया कि कॉस्मेटिक मार्केट सहित शहर के बाजारों में रात की गश्त बढ़ाई जाएगी तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी, ताकि व्यापारी समुदाय बिना किसी डर के अपना कारोबार कर सके।
व्यापारियों की समस्याएं सुनने के बाद पुलिस अधीक्षक ने उन्हें दोबारा आश्वासन दिया कि कॉस्मेटिक मार्केट और शहर के अन्य बाजारों में पुलिस निगरानी तथा रात की गश्त बढ़ाई जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारियों का कहना है कि चार-पांच चौकीदार होने के बावजूद चोरी की घटनाएं हो रही हैं। यदि चोरियों का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो वे धरना-प्रदर्शन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
