अंबाला, 4 अक्तूबर (आर. सिंह):- मंडियों में धान बेचने के लिए जारी किए गए गेट पासों की कमी और खरीद सीमा में कटौती को लेकर किसानों का गुस्सा भड़क उठा। हरियाणा किसान-मजदूर मोर्चा और भारतीय किसान यूनियन (शहीद भगत सिंह) के आह्वान पर किसानों ने रविवार को जीटी रोड पर मौहड़ा स्थित अंबाला कैंट अनाज मंडी में मार्केट सचिव के कार्यालय के सामने राज्य सरकार के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री तथा प्रधानमंत्री का पुतला फूंका।

बीकेयू (भगत सिंह) के प्रवक्ता मनजीत सिंह ने कहा कि किसानों ने धान की बुवाई के समय जून महीने में “मेरी फसल-मेरा ब्योरा” पोर्टल पर पंजीकरण करवाया था, लेकिन मंडियों में फसल आने के बावजूद सत्यापन की कमी के कारण उनके गेट पास अटके हुए हैं। इसके अलावा धान की खरीद सीमा को 30-33 क्विंटल से घटाकर 24 क्विंटल प्रति एकड़ करना किसानों के खिलाफ सीधा अन्याय है, जबकि अधिकारियों की बैठक में 30-33 क्विंटल का फैसला हुआ था, जिसमें उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरजीत सिंह मौहड़ी भी शामिल थे।

किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने तुरंत पोर्टल की खामियों को दूर नहीं किया और 24 क्विंटल की सीमा को नहीं हटाया गया तो किसान-मजदूर मोर्चा से जुड़े 15 संगठन व्यापक राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेंगे। प्रवक्ता ने बताया कि इस संबंध में डीसी अंबाला और एसडीएम अंबाला कैंट को भी अवगत करा दिया गया है।