हांसी (दिनकर गावड़ी):- हांसी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने आमजन को पुराने एवं सेकेंड हैंड मोबाइल फोन खरीदने और बेचने के संबंध में सावधानी बरतने की एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने कहा कि पुराने मोबाइल फोन की खरीद-फरोख्त में लापरवाही साइबर अपराधियों के लिए मददगार साबित हो सकती है। कुछ साइबर अपराधी पुराने मोबाइल फोन के मदरबोर्ड, स्टोरेज चिप और अन्य तकनीकी उपकरणों का दुरुपयोग करके मोबाइल में पहले से मौजूद डेटा, फोटो, दस्तावेज, आधार संबंधी जानकारी तथा अन्य व्यक्तिगत जानकारियां हासिल कर सकते हैं। ऐसी जानकारी का इस्तेमाल साइबर ठगी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में किया जा सकता है।

इस प्रक्रिया में मोबाइल फोन से संबंधित डेटा और तकनीकी उपकरणों के दुरुपयोग की आशंका रहती है। ऐसे में आमजन को पुराने मोबाइल फोन खरीदते और बेचते समय विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।

एसपी हांसी की आमजन से अपील एवं जरूरी दिशा-निर्देश:


  1. पुराना या सेकेंड हैंड मोबाइल फोन खरीदते समय विक्रेता की पहचान और उसका पूरा पता अवश्य सत्यापित करें।
  2. मोबाइल फोन खरीदते समय उसका बिल, खरीद-फरोख्त की रसीद तथा विक्रेता की पहचान संबंधी जानकारी जरूर प्राप्त करें।
  3. बिना बिल और वैध पहचान के पुराने मोबाइल फोन की खरीद-फरोख्त न करें।
  4. मोबाइल फोन बेचने से पहले उसमें मौजूद फोटो, वीडियो, संपर्क नंबर, बैंकिंग संबंधी जानकारी और अन्य निजी डेटा को सुरक्षित रूप से डिलीट करें।
  5. मोबाइल फोन बेचने से पहले उसे फैक्टरी रिसेट करें तथा उससे जुड़े ई-मेल, क्लाउड अकाउंट और अन्य व्यक्तिगत अकाउंट हटा दें।
  6. पुराने मोबाइल फोन के पार्ट्स, मदरबोर्ड और स्टोरेज चिप अनजान व्यक्तियों या कबाड़ विक्रेताओं को बेचने से बचें।
  7. मोबाइल रिपेयरिंग या पुराने मोबाइल फोन की खरीद-फरोख्त का काम करने वाले दुकानदार प्रत्येक मोबाइल का उचित रिकॉर्ड रखें तथा खरीदने और बेचने वाले व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित करें।
  8. किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, दुकान या पुराने मोबाइल फोन की अवैध खरीद-फरोख्त की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्कता जरूरी

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी ठगी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। आमजन की छोटी-सी लापरवाही भी उनकी निजी जानकारी को गलत हाथों तक पहुंचा सकती है। इसलिए पुराने मोबाइल फोन की खरीद-फरोख्त में पूरी सावधानी बरतें और किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं।

उन्होंने सभी मोबाइल दुकानदारों, रिपेयरिंग सेंटर संचालकों तथा कबाड़ विक्रेताओं से भी अपील की कि वे पुराने मोबाइल फोन की खरीद-फरोख्त का उचित रिकॉर्ड रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।