अंबाला, 17 नवंबर (आर. सिंह):- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज के प्रयासों से शहीद स्मारक के सामने जल्द ही एक एस्केलेटर लगाया जाएगा। इसके लिए मंजूरी मिल गई है। एस्केलेटर लगने से पैदल यात्रियों के लिए जीटी रोड पार करना आसान हो जाएगा।
आज पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री अनिल विज ने बताया कि शहीद स्मारक के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग (जीटी रोड) स्थित है। आम लोगों को सड़क पार करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए यहां एस्केलेटर लगाने की मंजूरी दी गई है। उन्होंने आगे कहा कि हरियाणा के सभी स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों को शहीद स्मारक का भ्रमण करवाने की योजनाएं बनाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक को आम जनता के लिए खोल दिया गया है। इसे खोलने से पहले उन ज्ञात-अज्ञात क्रांतिकारियों की आत्माओं की शांति के लिए हवन यज्ञ किया गया, जिन्हें अंग्रेजों ने गोली मारी थी, पेड़ों से लटकाकर फांसी दी थी, जिन पर गोलियां चलाई गई थीं और जिनके गांव जला दिए गए थे।
उन्होंने बताया कि शहीद स्मारक 15 नवंबर से आम जनता के लिए खोल दिया गया है। स्मारक देखने के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है और पहले महीने की सभी बुकिंग पूरी हो चुकी हैं। पहले ही दिन छत्तीसगढ़, पंजाब और जींद से लोग शहीद स्मारक देखने पहुंचे थे।
उल्लेखनीय है कि शहीद स्मारक का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 5 नवंबर को किया था। इसके बाद 15 नवंबर को हवन यज्ञ के पश्चात इसे आम जनता के लिए खोल दिया गया।
