साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर, 22 नवंबर:- फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत आज जिला साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर के विभिन्न मतदान केंद्रों पर लगाए गए विशेष शिविरों का वोटर सूचियों के पर्यवेक्षक (इलेक्टोरल रोल ऑब्जर्वर) विनय बुबलाानी, आईएएस और उपायुक्त आदित्य डचलवाल ने निरीक्षण किया। उन्होंने शिवालिक पब्लिक स्कूल, फेज-6, मोहाली; शास्त्री मॉडल स्कूल, फेज-1, मोहाली; मानव मंगल स्मार्ट स्कूल (जूनियर), सेक्टर-91, मोहाली और सरकारी हाई स्कूल, लांडरां में लगाए गए शिविरों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस पुनरीक्षण के लिए 1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि निर्धारित किया गया है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि रविवार को विशेष शिविर लगाने का उद्देश्य लोगों को अपने घरेलू और कामकाजी व्यस्तताओं में से समय निकालकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने अथवा पहले से दर्ज विवरणों की जांच और उनमें सुधार करवाने की सुविधा देना है। उन्होंने पात्र नागरिकों, विशेषकर उन युवाओं से अपील की जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेंगे, कि वे अपना वोट अवश्य बनवाएं। इस अभियान के तहत अगला विशेष शिविर 6 दिसंबर को लगाया जाएगा।

उन्होंने शिविरों में प्रारूप मतदाता सूचियों की उपलब्धता, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की उपस्थिति और नागरिकों को दी जा रही सहायता का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जांचने में पूरी मदद दी जाए तथा नया वोट बनवाने, विवरणों में संशोधन करवाने या आपत्ति दर्ज करवाने की प्रक्रिया के बारे में सही जानकारी उपलब्ध करवाई जाए।

उपायुक्त आदित्य डचलवाल ने बताया कि इन विशेष शिविरों के दौरान बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहकर नागरिकों को नया वोट बनवाने, वोट स्थानांतरित करवाने, विवरणों में सुधार करवाने और अयोग्य वोट कटवाने संबंधी सहायता प्रदान कर रहे हैं। नागरिक अपने मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के पात्र सदस्यों का नाम, पता तथा अन्य विवरण जांच सकते हैं।

उन्होंने बताया कि जिन पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, वे फॉर्म नंबर 6 के माध्यम से नया वोट बनवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। पहले से दर्ज विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म नंबर 8 और किसी दर्ज नाम पर आपत्ति जताने अथवा नाम हटवाने के लिए फॉर्म नंबर 7 भरा जा सकता है। शिविरों में मौजूद बीएलओ नागरिकों को उपयुक्त फॉर्म भरने और आवेदन जमा करवाने की प्रक्रिया में सहायता करेंगे।

मतदाता सूचियों से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए नागरिक जिला निर्वाचन कार्यालय और निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों के कार्यालयों में स्थापित हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि जो नागरिक मोबाइल या कंप्यूटर का उपयोग करना जानते हैं, वे भारत निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी नया वोट बनवाने अथवा मतदाता सूची में दर्ज विवरणों में संशोधन के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा प्रत्येक पात्र नागरिक का वोट सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि इलेक्टोरल रोल ऑब्जर्वर श्री विनय बुबलाानी द्वारा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के संबंध में विचार-विमर्श के लिए 1 दिसंबर को जिले के निर्वाचित प्रतिनिधियों, जिनमें सांसद और विधायक शामिल हैं, तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठक भी की जाएगी।

इस अवसर पर एसडीएम मोहाली दमनदीप कौर, चुनाव तहसीलदार हरप्रीत कौर, चुनाव पर्यवेक्षक और बीएलओ उपस्थित थे।